अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया, जिससे मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा तो उनके पति पराग त्यागी ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शेफाली की जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मृत्यु ने न केवल उनके चाहने वालों को बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका दिया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच जारी
शेफाली का शव शुक्रवार रात लगभग 12:30 बजे मुंबई के अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल में लाया गया, जहां उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कूपर अस्पताल की एएमओ (Assistant Medical Officer) के अनुसार, शव किसी अन्य अस्पताल से लाया गया था, और मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसी बीच, मुंबई पुलिस शेफाली के अंधेरी स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही और घर की गहन तलाशी ली गई। पुलिस और फॉरेंसिक की सक्रियता को देखते हुए, शेफाली की मौत को अभी तक पूरी तरह सामान्य नहीं माना जा रहा है और मामला संदेहास्पद माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मिली पहचान
शेफाली जरीवाला को सबसे पहले 2002 में आए म्यूज़िक वीडियो ‘कांटा लगा’ से रातों-रात पहचान मिली थी। उनका ग्लैमरस लुक, टैटू, कमर की बेली बटन पियर्सिंग और मॉर्डन फैशन सेंस उन्हें उस दौर की सबसे बोल्ड और यादगार परफॉर्मर बना गया। इस वीडियो की सफलता ने भारत में रीमिक्स म्यूजिक के युग की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई टीवी सीरियल्स और प्रोजेक्ट्स में काम किया, जहाँ उनके अभिनय की भी जमकर तारीफ हुई।
शेफाली बिग बॉस सीजन 13 में एक वाइल्ड कार्ड एंट्री के रूप में शामिल हुई थीं और जल्द ही शो की सबसे लोकप्रिय प्रतियोगियों में शुमार हो गईं। उनके व्यवहार, स्पष्ट बात करने की शैली ने दर्शकों के बीच उन्हें खास बना दिया। इसके अलावा, शेफाली ने नच बलिए सीजन 5 जैसे डांस रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया था, जहाँ उनके डांस स्किल्स को सराहा गया।
ग्लैमर, टैलेंट और आत्मीयता की मिसाल
भारतीय पॉप कल्चर में शेफाली जरीवाला का नाम हमेशा ‘कांटा लगा गर्ल’ के रूप में याद किया जाएगा, लेकिन उनका योगदान इससे कहीं अधिक गहरा था। उन्होंने ग्लैमर और टैलेंट को संतुलित करते हुए एक ऐसी पहचान बनाई जो आज भी लाखों दिलों में बसी है। उनका असमय निधन न केवल एक व्यक्तिगत क्षति है बल्कि भारतीय मनोरंजन उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति भी है।
सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलियाँ
उनकी मृत्यु की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों और दोस्तों ने गहरा दुख व्यक्त किया। कई लोगों ने इसे अविश्वसनीय बताया कि इतनी कम उम्र में एक स्वस्थ और सक्रिय व्यक्ति दुनिया को अलविदा कह गया। एक यूजर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: “शेफाली सबसे अच्छी एक्ट्रेस, सबसे अच्छी डांसर, सबसे अच्छी इंसान और सबसे अच्छी बिग बॉस कंटेस्टेंट थीं।”
एक अन्य यूजर ने लिखा: “वो सिर्फ 42 साल की थीं। यह बहुत डरावना है कि जो लोग पूरी तरह स्वस्थ दिखते हैं, वे अचानक हमें छोड़कर चले जाते हैं। ज़िंदगी अब पहले से ज्यादा नाज़ुक लगने लगी है।”