पाकिस्तान जैसे मुस्लिम बहुल देश में महिलाओं पर बहुत सारी पाबंदियां हैं। यहां सार्वजनिक स्थानों यहां तक कि ऑनलाइन जगहों पर भी आचरण के सख्त नियमों का पालन न करने पर परिवार के सदस्यों द्वारा उन्हें हिंसा का शिकार होना पड़ सकता है। पाकिस्तान की पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एक पिता ने अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने वीडियो-शेयरिंग ऐप TikTok पर अपना अकाउंट डिलीट करने से इनकार कर दिया था। पुलिस प्रवक्ता ने AFP को बताया कि “लड़की के पिता ने उससे TikTok अकाउंट डिलीट करने को कहा था। मना करने पर उसने उसकी हत्या कर दी।”
पाकिस्तान पुलिस की AFP के साथ साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं ने कहा कि पिता ने मंगलवार को अपनी 16 वर्षीय बेटी की “सम्मान की खातिर” हत्या कर दी। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास, रावलपिंडी शहर में हुई। पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिवार ने शुरू में “हत्या को आत्महत्या के रूप में चित्रित करने” की कोशिश की। पिछले महीने, एक 17 वर्षीय लड़की और TikTok इन्फ्लुएंसर, जिसके लाखों ऑनलाइन फ़ॉलोअर्स थे, की घर पर एक ऐसे व्यक्ति ने हत्या कर दी, जिसके प्रस्ताव को उसने अस्वीकार कर दिया था।
TikTok पर शेयर किये थे कई वीडियो
जानकारी हो कि सना यूसुफ़ के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दस लाख से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स थे, जिनमें टिकटॉक भी शामिल था,। यहां पर उन्होंने अपने पसंदीदा कैफ़े, स्किनकेयर उत्पादों और पारंपरिक परिधानों के वीडियो शेयर किए थे। पाकिस्तान में टिकटॉक बेहद लोकप्रिय है। यह इसलिए क्योंकि कम साक्षरता वाले लोगों के लिए यह सुलभ है। महिलाओं को इस ऐप पर दर्शक और आय दोनों मिले हैं, जो ऐसे देश में दुर्लभ है जहां एक चौथाई से भी कम महिलाएं औपचारिक अर्थव्यवस्था में भाग लेती हैं।
पाकिस्तान में 30 प्रतिशत महिलाओं के पास ही स्मार्टफोन
हालांकि, 2025 की मोबाइल जेंडर गैप रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में केवल 30 प्रतिशत महिलाओं के पास ही स्मार्टफ़ोन हैं, जबकि पुरुषों की संख्या दोगुनी (58 प्रतिशत) है, जो दुनिया में सबसे बड़ा अंतर है।एलजीबीटीक्यू और यौन सामग्री के खिलाफ विरोध के बीच पाकिस्तानी दूरसंचार अधिकारियों ने “अनैतिक व्यवहार” कहकर इस ऐप को बार-बार ब्लॉक किया है या ब्लॉक करने की धमकी दी है।
हर साल सैकड़ों महिलाओं की हत्या
दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान में, जहां कई ग्रामीण इलाकों में कबायली कानून लागू है, एक व्यक्ति ने इस साल की शुरुआत में अपनी 14 वर्षीय बेटी की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की है। उसने कहा कि उसने टिकटॉक वीडियो के ज़रिए अपनी बेटी की “इज्जत” को ठेस पहुंचाई थी। जानकारी हो कि पाकिस्तानी समाज का बड़ा हिस्सा “इज्जत” की एक सख्त संहिता के तहत चलता है, जहां महिलाएं शिक्षा, रोज़गार और किससे शादी करें जैसे फ़ैसलों के लिए अपने पुरुष रिश्तेदारों के अधीन होती हैं। पाकिस्तान में हर साल सैकड़ों महिलाओं की इस संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में पुरुषों द्वारा हत्या कर दी जाती है।
पाकिस्तान में “ऑनर किलिंग” की कुछ वारदातें
पिछले साल एक पाकिस्तानी व्यक्ति को अपनी बहन की हत्या करने और उसका वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
दिसंबर 2023 में अधिकारियों ने चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कथित तौर पर “इज्जत” के नाम पर एक 18 वर्षीय महिला की हत्या कर दी थी। उक्त महिला की अपने प्रेमी के साथ बैठी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। पुलिस ने कहा कि तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई थी और उसे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया गया था।
2022 में, बीबीसी ने बताया कि एक सोशल मीडिया स्टार के भाई को उसकी हत्या के आरोप से बरी कर दिया गया। 2016 में हुई हत्या की बात कबूल करने के बाद उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, क्योंकि उसने कहा था कि स्टार ने परिवार को बदनाम किया था।
2021 में 27 वर्षीय नूर मुकादम की उसके पाकिस्तानी-अमेरिकी प्रेमी ज़हीर जाफ़र ने हत्या कर दी थी, क्योंकि उसने उसके शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इस मामले ने व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया था। जाफ़र को मौत की सजा सुनाई गई थी।