लद्दाख के LG बीडी मिश्रा का इस्तीफा BJP नेता कविंद्र बने नए उप-राज्यपाल, हरियाणा और गोवा में भी बदले गए गवर्नर

प्रो. आशिम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल तो कविन्द्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

लद्दाख के उपराज्यपाल ने दिया इस्तीफा, हरियाणा समेत तीन राज्यों में होंगे नये राज्यपाल

पूर्व राज्यपाल बीडी मिश्रा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल पद से ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने तीन नये राज्यपालों की नियुक्ति भी कर दी है। इसके तहत प्रो. आशिम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल तो कविन्द्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

जानकारी हो कि डॉ बीडी मिश्रा इससे पहले अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और मिजोरम के राज्यपाल रह चुके हैं। इससे पहले श्री मिश्रा एनएसजी (ब्लैक कैट कमांडो) काउंटर हाईजैक टास्क फोर्स के कमांडर थे। उन्होंने 24 अप्रैल 1993 को अमृतसर के राजा सांसी एयरफील्ड पर इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान पर हमला किया और सफलतापूर्वक बचाव अभियान चलाया। इस अभियान में अपहर्ताओं को मार गिराने के बाद बिना किसी क्षति के सभी 124 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया था। इस अपहरण संकट को समाप्त करने में उनकी भूमिका के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उनकी सराहना भी की थी। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले हैं।

कविंद्र गुप्ता को लद्दाख की है अच्छी जानकारी

वहीं, कविंद्र गुप्ता जम्मू-कश्मीर भाजपा के बड़े नेता रहे हैं और उप-मुख्यमंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें उपराज्यपाल बनाकर सक्रिय राजनीति से दूर किया गया है, लेकिन लद्दाख ही भेजा गया है। इसकी वजह यह है कि जम्मू-कश्मीर का ही लद्दाख 2019 से पहले हिस्सा हुआ करता था। कविंद्र गुप्ता को लद्दाख की राजनीति, संस्कृति और अन्य चीजों के बारे में अच्छी जानकारी है। ऐसे में उन्हें लद्दाख में एलजी पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति माना जा रहा है। कविंद्र गुप्ता दशकों से भाजपा के समर्पित नेता रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं राजू

​वहीं पुसापति अशोक गजपति राजू टीडीपी से सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वे आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के निवासी हैं। वे विजयनगरम के राज परिवार से आते हैं। वहीं, प्रो. आसिम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। प्रो. घोष हावड़ा पश्चिम बंगाल से हैं। वे पश्चिम बंगाल भाजपा के चीफ रह चुके हैं और भाजपा की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से तीनों नये राज्यपालों की नियुक्ति की जानकारी दी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।

Exit mobile version