बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार रात मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना हुई। यह वारदात मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें कोचिंग सेंटर का एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्प[]\\7][oiutrdaताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलने पर खान सर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हमलावरों ने कोचिंग सेंटर के कार्यालय में तोड़फोड़ की और बाहर गोलियां चलाईं। खान सर ने कहा, “सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। हमारे सिक्योरिटी गार्ड ने हमलावरों की पहचान कर ली है। हमें सुरक्षा चाहिए।”
खान सर का कोचिंग सेंटर पटना के सबसे चर्चित कोचिंग संस्थानों में से एक है, जहां रोज बड़ी संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं। फायरिंग की खबर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह पहली बार नहीं है जब खान सर के कोचिंग सेंटर को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 10 मई 2019 को भी कोचिंग सेंटर के बाहर देसी बम से हमला किया गया था। उस समय अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो बम फेंके थे, जिससे कार्यालय का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह टूट गई थी। हालांकि उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
लगातार दूसरी बार कोचिंग सेंटर को निशाना बनाए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
