कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए सोमवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और संसद भवन के आसपास हाई अलर्ट घोषित किया है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर और उसके आसपास करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा धरना स्थल के आसपास धारा 163 लागू कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
प्रदर्शन में शामिल लोग संसद की ओर मार्च कर रहे थे। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।
संसद मार्च को देखते हुए संसद भवन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने संसद परिसर के सभी गेट बंद कर दिए हैं और हर प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संसद के आसपास आने-जाने वाले लोगों की भी सख्ती से जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। सफदरगंज के पास इंडिया गेट जाने वाले रास्ते को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और ट्रैफिक पुलिस वाहनों को आउटर रिंग रोड की ओर भेज रही है। इससे कई जगह लंबा जाम लग गया।
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भी सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। हर वाहन की जांच किए जाने के कारण दिल्ली आने वाले रास्ते पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
