राहुल गांधी साहिल संग पहुंचे थाने , FIR की मांग को लेकर धरने पर बैठे कहा-FIR दर्ज होने तक नहीं हटेंगे

राहुल गांधी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, साहिल की शिकायत पर पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही थी। इसके बाद राहुल गांधी साहिल और उसके परिवार के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

राहुल गांधी पैलेट गन से घायल साहिल के साथ थाने पहुंचे

राहुल गांधी पैलेट गन से घायल साहिल के साथ थाने पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार सुबह अचानक दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव भी थे। राहुल गांधी साहिल के मामले में कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे।

राहुल गांधी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, साहिल की शिकायत पर पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही थी। इसके बाद राहुल गांधी साहिल और उसके परिवार के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

DCP से करीब 45 मिनट हुई बातचीत

थाने पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के DCP से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 40 से 45 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान साहिल ने पुलिस को बताया कि आंदोलन के दौरान उसे पैलेट गन से किस तरह चोट लगी।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में FIR दर्ज नहीं कर रही है। इसके बाद वह थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का थाने पहुंचने का कार्यक्रम पहले से बेहद गोपनीय रखा गया था। कांग्रेस के कई नेताओं को भी इसकी जानकारी नहीं थी।

बाद में राहुल गांधी के थाने पहुंचने की खबर मिलने पर कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी वहां पहुंचने लगे।

राहुल गांधी बोले- FIR दर्ज होने तक नहीं हटेंगे

धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि साहिल के पैलेट गन से घायल होने के मामले में FIR दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि वह साहिल और उसके परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। उनका सवाल था कि अगर 20 जुलाई को पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था, तो इस मामले में FIR क्यों दर्ज नहीं की जा रही है।

प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेता पहुंचे

राहुल गांधी के धरने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। वह भी राहुल गांधी के साथ धरने पर बैठ गईं।

इसके अलावा कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, रणदीप सुरजेवाला समेत कई अन्य नेता भी मौके पर पहुंचे। धीरे-धीरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी, जिसके बाद पुलिस ने थाने के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

साहिल और उसकी मां भी राहुल गांधी के साथ धरने पर बैठे हैं।

पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की जानकारी दी

पुलिस अधिकारियों ने राहुल गांधी को बताया कि पैलेट गन से जुड़े मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित कमेटी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, कमेटी सभी संबंधित मामलों की जांच कर रही है।

इस कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं। कमेटी में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, CBI के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जज जस्टिस शलिंदर कौर और मेघालय के सेवानिवृत्त DGP डॉ. एलआर बिश्नोई शामिल हैं।

पुलिस ने यह भी कहा कि थाने में रोज बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं, इसलिए थाने के बाहर धरने पर न बैठने की अपील की गई।

राहुल गांधी से नई दिल्ली इलाके की ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद और DCP नई दिल्ली सचिन शर्मा ने भी बातचीत की। हालांकि, राहुल गांधी का कहना है कि जब तक साहिल के मामले में FIR दर्ज नहीं होती, तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे।

Exit mobile version