रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, ई-बसों में मुफ्त सफर के साथ एक सहयात्री को भी मिलेगा लाभ

रक्षाबंधन इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम सतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुफ्त यात्रा के लिए बसों की टिकट मशीनों में शून्य रुपये का वैध टिकट जारी करने की व्यवस्था की गई है।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात

रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (AMCTSL) की नगरीय इलेक्ट्रिक बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। खास बात यह है कि महिला अपने साथ एक सहयात्री को भी बिना किराए के यात्रा करा सकेगी।

यह सुविधा 28 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। यानी महिलाएं करीब 42 घंटे तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। इसके लिए सिटी ई-बसों में भी मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की गई है।

मुफ्त टिकट की व्यवस्था

इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम सतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुफ्त यात्रा के लिए बसों की टिकट मशीनों में शून्य रुपये का वैध टिकट जारी करने की व्यवस्था की गई है। यात्रा से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा और इसकी जानकारी विभाग को दी जाएगी।

एक पुरुष सहयात्री भी कर सकेगा मुफ्त सफर

इस सुविधा के तहत महिला अपने साथ एक सहयात्री को मुफ्त यात्रा करा सकती है। सहयात्री पुरुष भी हो सकता है। इससे महिलाओं को रक्षाबंधन पर अपने मायके, ससुराल या रिश्तेदारों के घर आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और यात्रा का खर्च भी बचेगा।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी बड़ी सुविधा

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज और सिटी बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाना होगा। योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को बिना किराए के आसानी से यात्रा करने की सुविधा देना है।

महिलाओं को सम्मान और सुविधा देने की पहल

लखनऊ में योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में दिखाया गया। इस दौरान महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उनके सम्मान और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं अपने मायके, ससुराल और रिश्तेदारों के यहां आसानी से आ-जा सकेंगी।

वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा रोडवेज बसों के साथ सिटी ई-बसों में भी लागू होगी।

Exit mobile version