आयुष्मान भारत योजना के 8 साल पूरे, 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिला 5 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के बुधवार को 8 साल पूरे हो गए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

आयुष्मान भारत योजना के 8 साल पूरे

आयुष्मान भारत योजना के 8 साल पूरे

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के बुधवार को 8 साल पूरे हो गए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के जरिए देश के 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। सरकार के मुताबिक, यह दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर योजनाओं में से एक है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि आयुष्मान भारत की शुरुआत 8 साल पहले इस उद्देश्य के साथ की गई थी कि हर भारतीय को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि योजना से करोड़ों लोगों को इलाज के खर्च से राहत मिली है। इससे खास तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को आर्थिक मदद मिली है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं अब लोगों के घरों के और करीब पहुंच रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अब तक 500 करोड़ से ज्यादा बार लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। इससे देश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिली है।

जेपी नड्डा ने भी गिनाईं उपलब्धियां

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 साल पहले देश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। उनके मुताबिक, आयुष्मान भारत PM-JAY ने लाखों लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बदला है।

सरकार के आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत अब तक 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को कवर किया जा चुका है। वहीं 48.54 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और 13 करोड़ से ज्यादा लोगों ने इलाज का लाभ उठाया है।

39 हजार से ज्यादा अस्पताल योजना से जुड़े

आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 39,000 से ज्यादा सरकारी और निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। सरकार के अनुसार, इन अस्पतालों के जरिए अब तक 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के अस्पताल में भर्ती और इलाज से जुड़े लाभ दिए जा चुके हैं।

सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान होने वाले बड़े खर्च से आर्थिक सुरक्षा देना और देशभर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना है।

Exit mobile version