प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’: 500 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी देंगे केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर

15 से 50 वर्ष के 500 जरूरतमंद दिव्यांगजन होंगे लाभार्थी; 500 इलेक्ट्रिक स्कूटी का एक साथ निशुल्क वितरण देश में अपनी तरह की पहली बड़ी पहल

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति और शासन का एक प्रमुख मंत्र समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना और उसे सशक्त बनाना रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीबों को पक्के मकान, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय, जल जीवन मिशन से घर-घर नल का पानी, किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश इसी सोच का हिस्सा रही है। युवा, महिला, किसान, गरीब और वंचित वर्ग तक विकास पहुंचाना मोदी सरकार की नीतियों के केंद्र में रहा है।
अब प्रधानमंत्री मोदी के इसी सेवा और अंत्योदय के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने उनके जन्मदिन पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए बड़ी पहल की है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के 500 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निशुल्क इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की जाएंगी।
15 से 50 वर्ष की आयु के जरूरतमंद दिव्यांगजनों, विशेषकर छात्रों और युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। उद्देश्य सिर्फ उन्हें वाहन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनकी आवाजाही को आसान बनाकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में उनकी भागीदारी बढ़ाना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।

दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए ई-स्कूटर

इस पहल की एक खास बात यह है कि ये सामान्य इलेक्ट्रिक स्कूटर नहीं हैं। इन्हें भारत सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India (ALIMCO) ने दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया है। इनमें ऐसे जरूरी बदलाव और सुविधाएं दी गई हैं, जिससे दिव्यांगजन इन्हें अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकें।

इस तरह ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल स्कूटी वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों की mobility, independence और dignity को मजबूत करने की पहल है।

‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इस पहल को प्रधानमंत्री मोदी की सेवा भावना से जोड़ते हुए कहा, “सेवा और संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र और उनकी कार्यशैली है। हमारे लिए ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ है। प्रधानमंत्री के इसी संकल्प की वजह से भारत 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में कामयाब हुआ है। करोड़ों लोगों को शौचालय मिले हैं, पक्के मकान मिले हैं और घर-घर तक पानी और बिजली पहुंची है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इन दिव्यांग साथियों की सेवा का अवसर मिला है। हमारे प्रधानमंत्री हमारी शक्ति, हमारा संकल्प और हमारी प्रेरणा हैं। उनकी प्रेरणा से हमने काम किया है और आगे भी करते रहेंगे। ईश्वर उन्हें दीर्घायु प्रदान करे।”

स्कूटी नहीं, आत्मनिर्भरता की ओर एक कदम

दिव्यांगजनों के लिए आवागमन की समस्या अक्सर शिक्षा, रोजगार और रोजमर्रा के जीवन में बड़ी बाधा बन जाती है। इलेक्ट्रिक स्कूटी मिलने से लाभार्थियों को कॉलेज, प्रशिक्षण केंद्र, कार्यस्थल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। यही वजह है कि इस पहल को केवल सहायता के बजाय सम्मान के साथ आत्मनिर्भरता से जोड़कर देखा जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक, इतने व्यापक स्तर पर 500 दिव्यांगजनों को एक साथ निशुल्क इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराने की यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है। चयनित लाभार्थियों को कार्यक्रम के संबंध में पहले ही सूचित किया जा चुका है। कार्यक्रम में केवल उन्हीं लाभार्थियों को पहुंचने के लिए कहा गया है, जिन्हें इसकी आधिकारिक सूचना दी गई है।

स्कूटी वितरण कार्यक्रम 17 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रुद्र बैंक्वेट, मथुरा रोड, फरीदाबाद में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं सांसद कृष्णपाल गुर्जर स्वयं चयनित लाभार्थियों को स्कूटी प्रदान करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को केवल उत्सव के बजाय सेवा के अवसर में बदलने की कोशिश के रूप में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत इसी महीने फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में कई अन्य जनसेवा और कल्याणकारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version