पीएम मोदी के महाराष्ट्र दौरे से एक दिन पहले मुंबई में उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था। उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास बंदूक मिली। हालांकि, पुलिस के मुताबिक हथियार का लाइसेंस वैध पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) का है। यहां स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) में 24 साल का एक युवक खुद को PMO का अधिकारी बताकर पहुंचा था। उसके साथ एक बॉडीगार्ड भी था। जांच के दौरान बॉडीगार्ड के पास हथियार मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई पुलिस ने बताया कि कुल तीन लोगों ने संदिग्ध सरकारी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था। आरोप है कि इन लोगों ने हथियार के साथ सुरक्षा व्यवस्था को पार किया और BKC स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा में प्रवेश किया।
इस मामले में BKC पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर सरकारी कर्मचारी होने का झूठा दावा करने और हथियार के साथ गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने साफ किया है कि यह घटना सोमवार को हुई थी। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शामिल होंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी मंगलवार को मुंबई पहुंचेंगे। वह शाम करीब 5:45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम मुंबई में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी। यह कार्यक्रम वित्तीय तकनीक, डिजिटल भुगतान और डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है। इसमें नीति निर्माता, नियामक, बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा लेते हैं।
इस साल किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
GFF 2026 में नई तकनीकों और वित्तीय क्षेत्र पर उनके असर पर विशेष चर्चा होगी। इनमें एजेंटिक AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंस और क्वांटम तकनीक प्रमुख हैं।
सम्मेलन में यह चर्चा की जाएगी कि इन तकनीकों का इस्तेमाल आम लोगों और कारोबारियों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और आसान वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने में कैसे किया जा सकता है।
इस बार सम्मेलन की थीम “Potential to Impact: Agentic AI, Tokenisation, Quantum-Trusted, Connected, Global Systems for Inclusive Finance“ रखी गई है।
भारत के लिए क्यों खास है GFF 2026?
भारत ने डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। UPI और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने भारत को दुनिया के प्रमुख डिजिटल भुगतान बाजारों में पहचान दिलाई है।
GFF 2026 में भारत के डिजिटल भुगतान मॉडल और फिनटेक क्षेत्र की उपलब्धियों पर भी चर्चा होगी। साथ ही यह भी विचार किया जाएगा कि नई तकनीकों की मदद से सुरक्षित और बेहतर वित्तीय सेवाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए।
सम्मेलन में AI, डिजिटल पेमेंट, क्वांटम तकनीक और वित्तीय सेवाओं के बदलते स्वरूप के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाने में आने वाली चुनौतियों पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
