दिलजीत दोसांझ के गानों पर झूमा दिल्ली, बोले- पंजाबी धुन पर थिरकतें दिखें फैंस; CRPF जवान को किया सम्मानित

दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ट्रैफिक से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेट्रो से स्टेडियम पहुंचे। कई फैंस 'पंजाबी आ गए ओए' लिखी टी-शर्ट पहनकर आए थे।

दिलजीत दोसांझ के गानों पर झूमा दिल्ली

दिलजीत दोसांझ के गानों पर झूमा दिल्ली

पंजाबी गानों की धुन, हजारों फैंस का उत्साह और आसमान में चमकती आतिशबाजी। शुक्रवार शाम दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के नाम रहा। अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ की शुरुआत करने पहुंचे दिलजीत ने अपने शानदार गानों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पूरे स्टेडियम में लोग उनके गानों पर झूमते नजर आए।

हालांकि, इस कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा उनके एक बयान की हुई। दिलजीत ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, ‘पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।‘ उनके इस बयान पर स्टेडियम में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।

‘पंजाबी आ गए ओए’ की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे फैंस

दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ट्रैफिक से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेट्रो से स्टेडियम पहुंचे। कई फैंस ‘पंजाबी आ गए ओए’ लिखी टी-शर्ट पहनकर आए थे। कुछ लोग दिलजीत के विदेशी कॉन्सर्ट वाले खास अंदाज में भी नजर आए।

स्टेडियम में पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाने के लिए आने वाले लोगों को मुफ्त में पगड़ी बांटी गई। इससे कार्यक्रम में पंजाबी रंग और भी गहरा हो गया।

चांद के सामने से हुई दिलजीत की शानदार एंट्री

कार्यक्रम की शुरुआत शानदार लाइट शो से हुई। इसके बाद दिलजीत की एंट्री ने सभी का ध्यान खींच लिया। वह चांद के आकार के एक बड़े सेट के सामने ऊंचे प्लेटफॉर्म पर नजर आए। यह प्लेटफॉर्म धीरे-धीरे स्टेज की ओर नीचे आया।

सफेद कपड़ों और काले चश्मे में पहुंचे दिलजीत ने आतिशबाजी के बीच ‘कहंदे सोनिए’ गाने से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘5 तारा’, ‘डू यू नो’ और ‘पटियाला पेग’ जैसे हिट गाने गाए। ‘डू यू नो’ के दौरान पूरा स्टेडियम उनके साथ गाता नजर आया। उन्होंने पंजाबी लोकगीत ‘लौंग गवाचा’ भी अपने अंदाज में पेश किया।

फैंस को दिया प्यार, महिला को स्टेज पर बुलाकर किया डांस

दिलजीत पूरे कार्यक्रम के दौरान अपने फैंस से बातचीत करते रहे। जब भीड़ में से कोई उन्हें ‘आई लव यू’ कहता तो वह भी मुस्कुराकर जवाब देते, ‘आई लव यू टू।’

उन्होंने पुराने गानों के शौकीन लोगों के लिए ‘काली तेरी’ गाया। इस दौरान एक महिला फैन को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस किया। बाद में उसे गिफ्ट हैम्पर भी दिया। इसके अलावा दिलजीत ने ‘सांसों की माला’ और ‘खुदा गवाह’ जैसे गाने भी सुनाए।

CRPF की महिला जवान को स्टेज पर बुलाकर किया सम्मानित

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने CRPF की एक महिला जवान को स्टेज पर बुलाया और उनकी सेवा के लिए सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि जवान हमारी सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। अगर वे हमारी रक्षा नहीं करेंगे तो हम खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएंगे।

महिला जवान की तारीफ करते हुए दिलजीत ने कहा कि उन्हें देखकर ऐसा लगा, जैसे उनकी मां सामने खड़ी हों। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले उनकी मां ने भी फोन करके उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी थी।

आलोचकों को जवाब देते हुए बोले- पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ

लगातार गाने गाने के बाद दिलजीत ने कुछ देर रुककर अपने आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक कलाकार हूं।’ इसके बाद उन्होंने कहा, ‘पंजाबियों को लड़ाई लड़ना मत सिखाओ।’

यह बयान कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व वाले छात्र विरोध प्रदर्शन से दूरी बनाने को लेकर हुई आलोचना के संदर्भ में आया। दिलजीत ने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फिल्म का मजाक उड़ाया गया, जबकि इसे बनाने के लिए काफी लंबे समय तक मेहनत और संघर्ष करना पड़ा।

यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। लंबे इंतजार के बाद इसे इस साल OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद इसे हटा लिया गया।

ड्रोन शो के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कॉन्सर्ट में दिलजीत ने ‘GOAT’, ‘बॉर्न टू शाइन’, ‘किन्नी किन्नी’, ‘रांझा’ और ‘रोग’ जैसे गाने गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ का गाना ‘हरे कृष्णा हरे राम’ भी गाया। इसके अलावा ‘इश्क दी बाजियां’, ‘इक्क कुड़ी’ और फिल्म ‘क्रू’ का ‘नैना’ जैसे गाने भी पेश किए।

कार्यक्रम का समापन उन्होंने अपनी फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ के गाने ‘मैं हूं पंजाब’ से किया। इसके बाद आसमान में शानदार ड्रोन शो हुआ। ड्रोन की रोशनी से ‘पंजाबी आ गए ओए’ और ‘आई एम आर्टिस्ट ब्रो’ जैसे संदेश बनाए गए।

20 दिसंबर तक देशभर में होंगे दिलजीत के शो

कार्यक्रम खत्म होने के बाद दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर दिल्ली के फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि कॉन्सर्ट आयोजित करने में कई मुश्किलें आईं। उन्होंने कहा कि वह दुनियाभर में कार्यक्रम करते हैं, लेकिन भारत में शो शुरू करने से पहले ही कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

दिलजीत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बारिश भी शुरू हो गई थी। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि कुछ घंटों के लिए बारिश रुक जाए। साथ ही उन्होंने फैंस को बताया कि वह 20 दिसंबर तक देशभर में लगातार कार्यक्रम करेंगे। उनके आने वाले शो इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, चंडीगढ़ और कोलकाता समेत कई शहरों में होंगे।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ कॉन्सर्ट

दिल्ली में इस कॉन्सर्ट को लेकर पहले असमंजस की स्थिति थी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में कार्यक्रम की अनुमति रोक दी थी।

हालांकि, आयोजकों ने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने की योजना पुलिस के सामने रखी। इसके बाद कार्यक्रम को मंजूरी मिल गई। शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सैकड़ों सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और आधी रात तक आसपास के इलाकों में यातायात पर पाबंदियां भी लागू रहीं।

Exit mobile version