317 खाते और करोड़ो के कई आवासीय भवन, इतना समृद्ध है डीके शिवकुमार और उनका परिवार

डीके शिवकुमार

PC: moneycontrol

लगता है कांग्रेस से चुन-चुन के हिसाब चुकता किया जा रहा है। तभी पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम के बाद अब कांग्रेस के बड़े नेता डीके शिवकुमार को ईडी ने अपने शिकंजे में ले लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने हाल ही में डीके शिवकुमार को गिरफ्तार किया है।

ईडी ने शुक्रवार को अदालत में कहा कि डीके शिवकुमार के पास 800 करोड़ की बेनामी संपत्ति और 200 करोड़ रुपए का कालाधन है। ईडी के अनुसार उनके परिवार के सदस्यों और उनके करीबीयों के 20 विभिन्न बैकों में 317 खाते हैं। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने अपनी जांच में डीके शिवकुमार के पास 429.32 करोड़ की बेनामी संपत्ति का पता लगाया था। मार्च 2019 में डिपार्टमेंट ने उनकी 75 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली थी।

वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले कर्नाटक में ‘कांग्रेस के चाणक्य’ कहे जाने वाले डीके शिवकुमार को ‘चुनाव प्रबंधन’ में माहिर माना जाता है। वे ऐसे ही पार्टी के संकटमोचक नहीं बने हैं, बल्कि कर्नाटक में कई अवसरों पर उन्होंने अपने कामों से सिद्ध करके भी दिखाया है। फंड जुटाना हो या पार्टी की रैलियों में भीड़ जुटाने का काम करना हो, नंबर घुमाइए और डीके शिवकुमार परिणाम सहित आपकी सेवा में हाजिर।

डीके शिवकुमार कर्नाटक के सबसे अमीर नेताओं में शुमार हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में उन्होंने अपनी और अपने परिवार की कुल संपत्ति 840 करोड़ बताई थी। इसके पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कुल 251 करोड़ की संपत्ति की घोषणा की थी। यानी केवल 6 साल में उन्होंने 600 करोड़ रुपये कमाए।

2019 के हलफनामे में डीके शिवकुमार ने अपने पास 70 करोड़ की चल संपत्ति और 548 करोड़ की अचल संपत्ति की जानकारी दी थी। जबकि इसके पहले 2013 में उनके पास 46 करोड़ की चल संपत्ति और 169 करोड़ की अचल संपत्ति थी। 2019 में दी गई जानकारी के मुताबिक डीके शिवकुमार के परिवार के ऊपर 220 करोड़ की देनदारी है। इसमें उनकी बेटी ऐश्वर्या के ऊपर 46 करोड़ की देनदारी है जबकि उनके पास 107 करोड़ की संपत्ति है।

वहीं उनकी पत्नी उषा के पास 112 करोड़ रुपये की संपत्ति है जबकि वर्ष 2013 में 35 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। वर्ष 2018 में दाखिल अपने एफिडेविट में उन्होंने अपने तीन बच्चों – आभरण, आकाश और ऐश्वर्या के लिए भी संपत्ति घोषित की। न्यूज़ मिनट की रिपोर्ट के अनुसार आभा और आकाश के पास संपत्ति नहीं है, जबकि ऐश्वर्या के पास 108 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं वर्ष 2013 में उनके पास केवल 1.09 करोड़ रुपये की संपत्ति थी।

चुनावों के दौरान डीके शिवकुमार ने 94 पेज में संपत्ति का ब्यौरा दिया था। जिसके मुताबिक 635.8 करोड़ रुपये कीमत के एग्लेटॉन गल्फ विलेज रिसोर्ट सहित कई और रिसोर्ट, देश के अनेक बड़े शहरों में प्लॉट और व्यावसायिक/रिहायशी भवन हैं। 1.5 करोड़ रुपये के उनके पास सोने-हीरे के आभूषण है। इसके अलावा 95 करोड़ के करीब उनके खातों में है।

डीके शिवकुमार के पास

सोना: 18.7 लाख रु

चांदी: 2.87 लाख रु

गहने: 1.26 करोड़ रु

रोलेक्स घड़ी: 9 लाख रुपये

यानि कुल आभूषण और कीमती सामान की कीमत 1,56,84,014 है।

उन्होंने अपने पास 6.84 लाखका घरेलू सामान होने की भी घोषणा की थी।

उनके पास 8.78 करोड़ की 22 कृषि योग्य भूमि और 481 करोड़ रुपये की 20 गैर-कृषि भूमि के भी मालिक है। उनके पास रामनगर जिले में 1.06 करोड़ रुपये की एक व्यावसायिक इमारत है, और 56.84 करोड़ रुपये के कुल बाजार मूल्य के साथ अपार्टमेंट सहित 55 आवासीय भवन हैं। उनके पास 1.16 करोड़ रुपये के 2 फ्लैट भी हैं।

डीके शिवकुमार की पत्नी उषा के पास 9.48 लाख रुपये के गहने हैं। उनके पास 39.26 लाख रुपये का फर्नीचर और सौर ऊर्जा जनरेटर प्रणाली भी है। उषा के पास 4.94 करोड़ रुपये की 4 गैर-कृषि भूमि है, 36.2 करोड़ रुपये की 2 व्यावसायिक इमारतें, और 45.27 करोड़ रुपये की कीमत वाले 4 आवासीय भवन के साथ 54 लाख रुपये का एक फ्लैट भी है।

वहीं उनकी बेटी ऐश्वर्या 27.5 लाख की 1 कृषि योग्य भूमि, 25.3 करोड़ की 2 गैर कृषि योग्य भूमि तथा 1.2 करोड़ रुपये की 1 आवासीय इमारत की मालकिन है। मैनेजमेंट ग्रैजुएट ऐश्वर्या अपने पिता द्वारा स्थापित ग्लोबल एकेडमी ऑफ टेक्नोलॉजी में ट्रस्टी हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह ट्रस्ट कई इंजीनियरिंग और अन्य कॉलेजों का संचालन करता है और ऐश्वर्या उसके पीछे प्रमुख व्यक्ति हैं।

रिपोर्ट के अनुसार ट्रस्ट के पास करोड़ों की संपत्ति और बिजनेस है। वर्ष 2017 में सिंगापुर में हुई कॉफी डे और सोल स्पेस के बीच की डील में भी ऐश्वर्या शामिल थीं। हाल ही में ऐश्वर्या ने बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके में स्थित सोल स्पेस स्प्रिट मॉल में 76.1 करोड़ कीमत का बिल्ट-अप एरिया खरीदा था।

अब यह तो थी डीके शिवकुमार की घोषित संपत्ति। रोज़ नए-नए अघोषित संपत्ति सामने आते जा रहे है, और अभी आगे न जाने कितने राज खुलने वाले हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी वैसे-वैसे शिवकुमार के भ्रष्टाचार की पोल खुलती जाएगी।

चिदंबरम के बाद अब शिवकुमार की गिरफ्तारी दिखाती है कि कांग्रेस के नेताओं ने अपने शासन के दौरान कितने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया और आम जनता के हक को लगातार लूटते रहे। इन दोनों के घोटाले सामने आने और सीबीआई, आयकर विभाग तथा ईडी की लगातार सक्रियता से स्पष्ट है कि बाकी बचे हुए भ्रष्टाचारी नेताओं के दिन भी अब पूरे हो चुके हैं। अब क्या करोगे शिवकुमार बाबू?

Exit mobile version