दुखद: मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

रोहित सरदाना

देशभर में कोरोना महामारी के बीच मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गयी है, बताया जा रहा है वो कोरोना से भी संक्रमित थे। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे। उनके निधन पर पूरे मीडिया जगत में शोक की लहर है।

ज़ी न्यूज़ के एंकर सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, ‘अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है…। ॐ शान्ति।’

खबरों की मानें तो पहले Rohit Sardana की मां को कोरोना संक्रमण हुआ था, गुरूवार को रोहित सरदाना वेंटिलेटर पर थे और उनकी हालत काफी खराब थी।

रोहित सरदाना इन दिनों ‘आज तक’ न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो ‘दंगल’ की एंकरिंग भी कर रहे थे। वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे। वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी रोहित सरदाना की मौत की जानकारी दी है और ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘दोस्तों बेहद दुखद खबर है। मशहूर टीवी न्यूज एंकर Rohit Sardana का निधन हो गया है। उन्हें आज सुबह ही हार्ट अटैक आया है। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’ सोशल मीडिया पर रोहित सरदाना की आकस्मिक मृत्यु से पूरा मीडिया जगत सदमे में हैं। किसी को इस मौत को लेकर यक़ीन नहीं हो रहा है।

 

हरियाणा के पलवल में जन्में रोहित सरदाना को 2018 में गणेश विद्यार्थी पुरस्कार मिला था। वह 2002-2003 में पत्रकारिता की दुनिया में आए थे। कुछ समय उन्होंने सहारा समय में भी काम किया था। 2004 में वह ज़ी न्यूज़ से बतौर News Presenter जुड़े थे।

TFI मीडिया ग्रुप के संस्थापक अतुल मिश्रा ने भी इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “रोहित जी एक योद्धा थे”। TFI मीडिया ग्रुप रोहित सरदाना के परिवार के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करता है। हमारी संवेदना उन सभी के साथ है जिन्होंने अपनो को इस महामारी में खोया है।

Exit mobile version