देश के महान क्रांतिकारी और शहीद भगत सिंह की जयंती पर रविवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत केंद्र सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं ने भगत सिंह के साहस, विचारों और बलिदान को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भगत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस और शौर्य ने आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने का भगत सिंह का जज्बा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है।
वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया। उन्होंने भगत सिंह को हर भारतवासी, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। पीएम ने कहा कि भगत सिंह के स्वभाव में निर्भीकता थी और उन्होंने देश के लिए फांसी के फंदे को भी हंसते हुए स्वीकार किया।
पीएम मोदी ने भगत सिंह के उस पत्र का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने अंग्रेजों से उन्हें और उनके साथियों को युद्धबंदी की तरह मानने और फांसी देने के बजाय गोली से मारने की मांग की थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके अदम्य साहस को दिखाता है। उन्होंने भगत सिंह की संवेदनशीलता और लोगों की मदद करने की भावना को भी याद किया।
ओम बिरला ने भी किया नमन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भगत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में युवा चेतना, वैचारिक साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने कम उम्र में ही देश की आजादी और समाज में बदलाव को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया था। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन से आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे ऐसे भारत का सपना देखते थे जहां शोषण, असमानता और अन्याय के लिए जगह न हो।
ओम बिरला ने कहा कि भगत सिंह का बलिदान देश के इतिहास की अमर गाथाओं में शामिल है। उनकी जयंती पर उनके साहस, विचारों, अध्ययनशीलता और बलिदान को याद किया गया।
इन नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भगत सिंह को भारत माता का वीर सपूत बताते हुए उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भगत सिंह ने युवावस्था में ही अपने साहस से स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की देशभक्ति, साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
भाजपा सांसद संजय सेठ ने भी भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को स्वतंत्रता संग्राम की महत्वपूर्ण विरासत बताया।






























