PNS Hangor : 30 अप्रैल 2026 को चीन के हैनान में जब पाकिस्तान नौसेना ने अपनी पहली हंगोर–क्लास पनडुब्बी को बेड़े में शामिल किया, तो इसे बड़ी कामयाबी बताया गया। 2015 में हुए 8 पनडुब्बियों के इस सौदे के तहत 4 पनडुब्बियाँ चीन में बन रही हैं और 4 कराची शिपयार्ड में तैयार होंगी।
लेकिन इस चमक–दमक के पीछे एक कड़वा सच छिपा है। 4 से 5 अरब डॉलर की भारी–भरकम क़ीमत चुकाकर पाकिस्तान ने अपनी पूरी पनडुब्बी ताक़त चीन के उस CHD620 डीज़ल इंजन के हवाले कर दी है, जिसे ख़ुद चीनी नौसेना ने अपनी पनडुब्बियों में नहीं लगाया है। सीधी बात यह है कि बीजिंग अपने इस अप्रमाणित इंजन का असली समुद्री परीक्षण पाकिस्तानी नाविकों की जान जोखिम में डालकर कर रहा है।
बिल पाकिस्तान का, मुफ़्त का डेटा चीन का
हंगोर सौदा चीन के इतिहास के सबसे बड़े हथियार निर्यात सौदों में से एक है। पाकिस्तान यह मोटी रक़म ऐसे समय में चुका रहा है, जब उसकी अर्थव्यवस्था IMF की निगरानी में है और रक्षा बजट में करीब 20 फ़ीसदी का उछाल आ चुका है।
लेकिन असली खेल इस सौदे की अघोषित शर्तों में छिपा है। पुर्ज़ों, बड़ी मरम्मत और इंजीनियरों की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान पूरी तरह चीन पर निर्भर है। इसका सीधा मतलब यह है कि समंदर में गश्त के दौरान इंजन में जो भी ख़राबी आएगी या जो भी तकनीकी दिक्कतें होंगी, उसका पूरा डेटा सीधे चीनी इंजीनियरों के पास पहुँचेगा। यानी पाकिस्तान न सिर्फ़ चीन के इंजन प्रोजेक्ट का बिल भर रहा है, बल्कि उसे असली समुद्री हालात का कीमती डेटा भी मुफ़्त में जुटाकर दे रहा है।
थाईलैंड ने सवाल उठाए और गारंटी ली, पाकिस्तान चुपचाप मान गया
इस चीनी इंजन को लेकर थाईलैंड और पाकिस्तान के रुख़ में ज़मीन–आसमान का फ़र्क़ दिखता है।थाईलैंड ने 2017 में जर्मन इंजन की शर्त पर चीनी पनडुब्बी का सौदा किया था। जर्मनी के मना करने पर जब चीन ने CHD620 थमाना चाहा, तो 2022 में थाई नौसेना ने इसे यह कहकर ठुकरा दिया कि दुनिया में कोई इसका इस्तेमाल नहीं कर रहा। प्रोजेक्ट करीब चार साल यानी 2021 से अगस्त 2025 तक ठप रहा। थाईलैंड ने 6,000 घंटे की बेंच टेस्टिंग करवाई, 8 साल की वारंटी ली और करीब 2.47 करोड़ डॉलर का मुआवज़ा वसूला।
इसके उलट पाकिस्तान ने न तो कोई सार्वजनिक आपत्ति जताई और न ही किसी बड़ी स्वतंत्र जाँच का रिकॉर्ड सामने रखा। वहाँ इस इंजन की परख सीधे गहरे समंदर में असली गश्त के साथ शुरू कर दी गई है।
ख़ुद जर्मन इंजन के भरोसे चीन, पाक को थमाया मजबूरी का विकल्प
हंगोर असल में चीन की युआन–क्लास पनडुब्बी का एक्सपोर्ट मॉडल है। ख़ुद चीनी नौसेना अपनी युआन पनडुब्बियों में जर्मन MTU डिज़ाइन वाले इंजन चलाती है और उनमें CHD620 लगने का कोई प्रमाण नहीं है।
दरअसल, 1989 के यूरोपीय हथियार प्रतिबंधों का हवाला देकर जर्मनी ने जब MTU 396 इंजन देने से इनकार किया, तब चीनी कंपनी CSOC ने मजबूरी में यह नया इंजन तैयार किया। इस अड़चन ने पूरे प्रोजेक्ट को तीन साल पीछे धकेल दिया यानि जो पनडुब्बियाँ 2023 तक आनी थीं, उनकी पहली खेप अप्रैल 2026 में पहुँच सकी।
असली समंदर में शोर और मरम्मत का दोहरा ख़तरा
बंद लैब में 6,000 घंटे चलना और समंदर की ऊँची लहरों के बीच दुश्मन से बचकर गश्त लगाना दो बिल्कुल अलग बातें हैं। विशेषज्ञों ने इस इंजन में घटिया धातु और कमज़ोर क्वालिटी कंट्रोल के बारे में आगाह किया था। उनके मुताबिक़, कुछ सौ घंटे चलने के बाद ही इसे लगातार मरम्मत चाहिए।
दूसरा बड़ा ख़तरा शोर का है। जानकार मानते हैं कि चीनी इंजन जर्मन इंजन के मुक़ाबले ज़्यादा शोर करता है। अरब सागर में जहाँ भारत के P-8I विमान लगातार निगरानी रखते हैं, वहाँ पनडुब्बी का शोर सीधे दुश्मन को अपना पता देने जैसा है। सतह पर सफ़र और तेज़ रफ़्तार के लिए पनडुब्बी पूरी तरह इसी इंजन पर टिकी होती है। ऐसे में अगर यह इंजन बीच समंदर में धोखा देता है, तो इसका सबसे पहला और सीधा खामियाज़ा पाकिस्तानी नौसेना को ही भुगतना पड़ेगा।































