केंद्र सरकार के परिसीमन बिल में 50% समान सीट वृद्धि और 2051 तक राज्यों की हिस्सेदारी फ्रीज करने के प्रस्ताव के बाद विपक्षी INDIA ब्लॉक के भीतर भी रणनीति और रुख को लेकर हलचल तेज है। जहां कुछ विपक्षी दल सरकार के नए प्रस्ताव को अपनी मांगों के अनुरूप मानते हुए समर्थन देने की तैयारी में हैं, वहीं कई दल इसे राजनीतिक फायदा उठाने, संघीय ढांचे और राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध कर रहे हैं।
शनिवार सुबह INDIA ब्लॉक के संसदीय दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है। इसमें 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र के लिए साझा रणनीति तय की जाएगी। हालांकि परिसीमन पर गठबंधन के भीतर एक जैसी राय बनती दिखाई नहीं दे रही है। शरद पवार की NCP-SP ने बिल का समर्थन घोषित किया है, DMK की शर्तें नए प्रस्ताव में पूरी होती दिख रही हैं, जबकि समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT) और तृणमूल कांग्रेस ने सरकार के कदम पर सवाल उठाए हैं।
INDIA ब्लॉक के घटक दलों का परिसीमन बिल पर क्या है रुख?
1. NCP-SP: परिसीमन का समर्थन, ‘यह होना ही है’
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) ने परिसीमन से जुड़े नए संविधान संशोधन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से मुलाकात के बाद स्पष्ट किया कि पार्टी बिल के समर्थन में है।
आव्हाड ने परिसीमन को अपरिहार्य बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया देर-सवेर होनी ही है। पार्टी के 8 लोकसभा सांसद हैं और उसके समर्थन का फैसला INDIA ब्लॉक के भीतर अलग राजनीतिक रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
2. DMK: शर्तें पूरी हुईं तो समर्थन की संभावना
तमिलनाडु की सत्ताधारी DMK परिसीमन के मुद्दे पर पहले से ही अपनी दो प्रमुख मांगें रख रही थी। पार्टी चाहती थी कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम न हो और राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 साल तक कायम रहे।
केंद्र के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50% समान वृद्धि और 2051 तक हिस्सेदारी फ्रीज करने का प्रावधान इन मांगों के अनुरूप बताया जा रहा है।
DMK पहले ही INDIA ब्लॉक से दूरी बना चुकी है। ऐसे में बिल को समर्थन देने की उसकी संभावित रणनीति गठबंधन के भीतर भी अहम राजनीतिक घटनाक्रम है। हालांकि पार्टी इस बारे में आज मीटिंग करके अंतिम निर्णय लेगी।
3. समाजवादी पार्टी: BJP की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन प्रस्ताव पर बीजेपी को निशाने पर लिया है। उन्होंने इसे बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी गलती बताते हुए कहा कि परिसीमन राजनीतिक रूप से बीजेपी के लिए नुकसानदायक साबित होगा।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना और 2027 में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर परिसीमन का मुद्दा राज्य की राजनीति में भी अहम हो सकता है। समाजवादी पार्टी इस प्रस्ताव को राजनीतिक संतुलन और सत्ता के समीकरण से जोड़कर देख रही है।
4. शिवसेना (UBT): परिसीमन को बताया बीजेपी की साजिश
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने परिसीमन प्रस्ताव को बीजेपी की साजिश बताते हुए लोकतांत्रिक दलों से संसद में इसका विरोध करने की अपील की है।
राउत ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए नागरिकों की राजनीतिक शक्ति को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बिल का समर्थन करने वाले दलों को इतिहास में गलत तरीके से याद किया जाएगा।
5. TMC: महिला आरक्षण के नाम पर सत्ता हासिल करने की कोशिश
तृणमूल कांग्रेस ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। TMC सांसद सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन बिल के जरिए सत्ता पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पारित महिला आरक्षण कानून अब तक लागू क्यों नहीं हुआ। TMC का आरोप है कि सरकार महिला सशक्तिकरण के नाम पर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश कर रही है।
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी के मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी का निलंबन वापस लेने की मांग भी की है। कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई 2026 को मानसून सत्र के दौरान निलंबित किया गया था और सदन का सत्रावसान नहीं होने के कारण उनका निलंबन जारी है।
शनिवार की बैठक में क्या तय होगा?
INDIA ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक में संसद के विशेष सत्र के दौरान साझा रणनीति पर चर्चा होगी। विपक्षी दल अपने सांसदों को दोनों सदनों में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी करने की तैयारी में हैं। सांसदों को रविवार तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई है।
लेकिन परिसीमन बिल पर घटक दलों के अलग-अलग रुख ने गठबंधन की एकजुटता और संसद में विपक्ष के साझा विरोध की रणनीति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
एक तरफ NCP-SP ने समर्थन का ऐलान किया है और DMK की मांगें नए प्रस्ताव में पूरी होती दिख रही हैं, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT) और TMC सरकार के प्रस्ताव का राजनीतिक और संवैधानिक आधार पर विरोध कर रही हैं।





























