हरियाणा में जल्द ही मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जा सकता है। 7 मार्च से हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू होना है और सूत्रों की मानें तो बजट सत्र से पहले ही या इसके ठीक बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल किए जाने की संभावना है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बीते 17 अक्टूबर को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसके बाद अभी तक मंत्रिमंडल में कोई विस्तार नहीं किया गया था। अब जल्द ही मंत्रिमंडल में फेरबदल का अनुमान है। इस फेरबदल के दौरान मंत्रिमंडल से अनिल विज की छुट्टी हो सकती है। हाल ही में सरकार और पार्टी नेतृत्व के साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता विज के मतभेद की खबरें सामने आई थीं। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, इस फेरबदल के लिए नायब सिंह सैनी को बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की भी मंज़ूरी मिल गई है।
विज की होगी छुट्टी!
बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा में मंत्रिमंडल के फेरबदल के दौरान अनिल विज की छुट्टी किए जाने की पूरी संभावना है। अनिल विज के पास फिलहाल ऊर्जा, परिवहन और श्रम विभाग का प्रभार है। कुछ हफ्तों पहले अनिल विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ खुलकर बयानबाज़ी की थी जिसके बाद उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। विज ने ये बयान ऐसे समय में दिए थे जब पड़ोस में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने थे और यह बीजेपी के लिए नुकसानदेह हो सकता था। सूत्रों का कहना है कि कारण बताओ नोटिस के बाद भी विज के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है, जिसके चलते कैबिनेट से विज की छुट्टी लगभग तय मानी जा रही है।
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री से भिड़े विज
सूत्रों के मुताबिक, अनिल विज पिछले महीने हरियाणा की कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भिड़ गए थे। इस बैठक के दौरान विज ने सैनी के साथ मंत्रियों और अधिकारियों के सामने ही अभद्र व्यवहार किया था। अनिल विज के इस रुख को सीधे तौर पर मुख्यमंत्री के नेतृत्व को चुनौती के तौर पर देखा गया था। माना जा रहा है कि सरकार और पार्टी नेतृत्व इस व्यवहार को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। अनिल विज की पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ भी खटपट की खबरें अक्सर सामने आती थीं। लेकिन इस बार जिस तरह सार्वजनिक तौर पर विज ने बयानबाज़ी की है उसे लेकर शीर्ष नेतृत्व में भी भारी नाराज़गी है।
शीर्ष नेतृत्व से सैनी को मिली हरी झंडी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुछ दिनों पहले दिल्ली आए थे। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के अन्य शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार और पार्टी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की, इस दौरान मंत्री अनिल विज के रवैये को लेकर भी चर्चा की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने भी सैनी को मंत्रिमंडल से विज को हटाने की मंज़ूरी दे दी है। अब जल्द ही सैनी के मंत्रिमंडल में फेरबदल किए जाने की संभावनाएं हैं।