कांग्रेस पार्टी और विवादों का रिश्ता सब्जी और नमक जैसा है। कभी राहुल गांधी के बयान तो कभी जयराम रमेश के सफेद झूठ पार्टी की किरकिरी कराते रहते हैं। वहीं इस संगठन में कई ऐसे नेता हैं जो जाने अनजाने देश के खिलाफ भी काम कर जाते है। अब तो देश के नक्शे को लेकर कांग्रेस का हाथ ऐसा फिसला कि विरोधियों को बैठे-बैठाए मौका मिल जाता है। ऐसा इसलिए की सियासी नक्शा बदलते हुए कांग्रेस ने देश का नक्शा ही बदल डाला और सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर दिया। इसमें जम्मू-कश्मीर के बड़े हिस्से को पाकिस्तान की जमीन बता दिया गया।
जब पूरा देश PoJK को अपना अभिन्न अंग मानता है तब कांग्रेस का यह कमाल उसे निशाने पर ला रहा है। सवाल उठता है कि क्या यह सिर्फ अनजाने में हुई भूल थी या फिर हाथी के दांत दिखाने के कुछ और खाने के कुछ और ही है। अब कांग्रेस के भूगोल ज्ञान पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।
कांग्रेस के विवादित नक्शे पर फिर बवाल
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भारत के गलत नक्शे वाला एक पोस्ट किया है। केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए एक ट्वीट में जम्मू और कश्मीर के एक बड़े हिस्से को गलत तरीके से पाकिस्तान के क्षेत्र के रूप में दिखाया गया। भारत आधिकारिक तौर पर PoJK और अक्साई चिन सहित पूरे जम्मू और कश्मीर क्षेत्र को अपने संप्रभु क्षेत्र का एक अभिन्न अंग मानता है। इसके बावजूद कांग्रेस ने केंद्र सरकार को निशाना बनाते हुए एक विकृत नक्शे का इस्तेमाल किया।
जानबूझकर राष्ट्र-विरोधी इरादा
भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इस कदम की निंदा की और इसे एक गंभीर राष्ट्रीय चूक बताया। अमित मालवीय ने पोस्ट पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे जानबूझकर और सोची-समझी हरकत करार दिया है। उन्होंने एक पोस्ट में लिख कि कांग्रेस पार्टी ने बेशर्मी से जम्मू-कश्मीर के पाकिस्तान के नक्शे का इस्तेमाल किया है। यह स्पष्ट कर दें कि यह अनजाने में की गई गलती नहीं है। यह एक सोची-समझी हरकत है जो उनकी लंबे समय से चली आ रही मानसिकता को दर्शाती है।
इतना ही नहीं मालवीय ने आगे कहा कि कांग्रेस ने ऐतिहासिक रूप से भारत के क्षेत्रीय दावों को कमजोर किया है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू पर कश्मीर पर खतरनाक रियायत का आरोप लगाया। मालवीय ने दावा किया कि नेहरू को केवल सरदार पटेल, डॉ बीआर अंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व ने ही रोका था।
बैकफुट पर आई कांग्रेस?
बढ़ते विरोध के कारण कांग्रेस ने ट्वीट को हटा दिया। हालांकि, यह मुद्दा शांत नहीं हुआ। मालवीय ने पार्टी नेतृत्व पर अपना हमला जारी रखा है। यहां तक कि एयर इंडिया विमान दुर्घटना जैसी राष्ट्रीय त्रासदी के बीच राहुल गांधी की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाया। मालवीय ने पोस्ट किया कि हम सभी जानते हैं कि पाक सेना प्रमुख मुनीर अमेरिका में कहां हैं। लेकिन क्या कोई जानता है कि राहुल गांधी कहां हैं? इसका जवाब उनकी लोकेशन से कहीं ज्यादा कुछ खोल सकता है। यह बहुत कुछ समझा सकता है।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस के प्रोपेगेंडा को किया ‘म्यूट’, कनाडा के पीएम कार्नी का पीएम मोदी को आया फोन- मिला G7 समिट का न्योता
कांग्रेस की गलतियों का स्टॉक
- शशि थरूर का ट्वीट (दिसंबर 2019): थरूर ने भारत बचाओ विरोध रैली ग्राफिक से भारत के उत्तरी क्षेत्रों को छोड़ते हुए एक नक्शा पोस्ट किया था। विरोध के बाद ट्वीट हटा दिया गया।
- रॉबर्ट वाड्रा (जनवरी 2021): प्रियंका गांधी के पति ने किसान विरोध प्रदर्शनों के दौरान PoJK और अक्साई चिन को छोड़कर एक नक्शा ट्वीट किया था। बाद में उन्होंने इसे इंस्टाग्राम पर ठीक किया।
- युवा कांग्रेस, त्रिपुरा (जनवरी 2021): किसानों के विरोध प्रदर्शन का एक ग्राफिक साझा किया जिसमें भारत के सभी उत्तर-पूर्वी राज्य और PoJK व अक्साई चिन गायब थे।
- शशि थरूर का राष्ट्रपति चुनावी घोषणापत्र (सितंबर 2022): कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव घोषणापत्र में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर एक नक्शा शामिल था। बाद में उन्होंने माफी मांगी और एक संशोधित संस्करण जारी किया।
- कर्नाटक कांग्रेस (बेलगावी, दिसंबर 2024): कार्य समिति के कार्यक्रम में कांग्रेस ने एक बैनर मानचित्र प्रदर्शित किया जिसमें PoJK, अक्साई चिन और यहां तक कि अरुणाचल प्रदेश को भी छोड़ दिया गया था।
- भारत शिखर सम्मेलन (मुनुगोडे विधायक का वीडियो-अप्रैल 2025): तेलंगाना में कांग्रेस विधायक कोमाटिरिद्दी राजगोपाल रेड्डी के एक वीडियो में PoJK और लद्दाख को छोड़कर एक नक्शा दिखाया गया था।
- तेलंगाना कांग्रेस (2 मई, 2025): तेलंगाना कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक प्रचार वीडियो साझा किया जिसमें PoJK और लद्दाख को छोड़कर एक नक्शा दिखाया गया था।
- कर्नाटक कांग्रेस (12 मई, 2025): कर्नाटक कांग्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पाकिस्तान को दिए गए ऋण की आलोचना करने के उद्देश्य से एक पोस्ट की थी। इसमें जम्मू-कश्मीर का गलत नक्शा ट्वीट किया।
केवल पोस्ट हटाने से आगे की जवाबदेही
कांग्रेस द्वारा बार-बार विकृत नक्शों का उपयोग भारत की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करता है और पार्टी की आंतरिक समीक्षा तंत्र के बारे में सवाल उठाता रहता है। ऐसे समय में जब भू-राजनीतिक संवेदनशीलता उच्च स्तर पर हैं। ऐसी त्रुटियां जानबूझकर हों या नहीं घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत संकेत भेजती हैं। सुधारात्मक कार्रवाई केवल पोस्ट हटाने से कहीं आगे होनी चाहिए।