प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान घाना की राजधानी अक्करा में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत के 1.4 अरब नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उनके लिए “अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति महामा, घाना की सरकार और वहां की जनता का आभार जताते हुए कहा, “मैं यह पुरस्कार हमारे युवाओं की आकांक्षाओं, उनके नागरिक भविष्य, हमारी सांस्कृतिक विविधता और भारत-घाना के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित करता हूं।” एक ट्वीट में उन्होंने इसे भारत-घाना की मजबूत मित्रता का प्रतीक बताया और कहा कि यह सम्मान केवल गौरव नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है।
भारत-घाना संबंधों को मजबूती देने की पहल
यह यात्रा किसी भारतीय प्रधानमंत्री की घाना में तीन दशक से अधिक समय बाद की गई पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और अफ्रीका, विशेषकर वैश्विक दक्षिण के साथ सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई। घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने भी इस यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह भारत और घाना के बीच वर्षों पुराने संबंधों को नया आयाम देती है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि दोनों देशों के संबंध घाना के पहले राष्ट्रपति डॉ. क्वामे नक्रूमा और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की दूरदर्शिता पर आधारित हैं।
संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत और घाना के बीच सहयोग के नए आयाम खोले जाएंगे, जिनमें कृषि, रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और डिजिटल भुगतान शामिल हैं। भारत, घाना के साथ अपने व्यापार को अगले पाँच वर्षों में दोगुना करने का लक्ष्य भी लेकर चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपनी UPI डिजिटल भुगतान प्रणाली को घाना में शुरू करने की पेशकश करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच वित्तीय सहयोग और अधिक मजबूत होगा।
वैश्विक मंच पर पीएम मोदी को मिल रहा सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह 24वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो उन्हें उनके वैश्विक नेतृत्व, विकासशील देशों के साथ घनिष्ठ संबंधों और दक्षिण-दक्षिण सहयोग को सशक्त करने के लिए प्रदान किया गया है। यह सम्मान वैश्विक स्तर पर भारत की साख को भी दर्शाता है। मोदी को इस सम्मान के साथ अब तक निम्नलिखित देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जा चुके हैं:
अब तक पीएम मोदी को मिले 24 वैश्विक नागरिक सम्मान:
2016 – सऊदी अरब: किंग अब्दुलअजीज सैश
2016 – अफगानिस्तान: स्टेट ऑर्डर ऑफ ग़ाज़ी आमिर अमानुल्लाह खान
2018 – फिलिस्तीन: ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन
2019 – यूएई: ऑर्डर ऑफ जायद
2019 – रूस: ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल (2024 में दिया गया)
2019 – मालदीव: निशान इज़्ज़ुद्दीन
2019 – बहरीन: किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां
2020 – अमेरिका: लीजन ऑफ मेरिट (डिग्री: चीफ कमांडर)
2021 – भूटान: ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो (2024 में प्रदान)
2023 – फिजी: कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी
2023 – पापुआ न्यू गिनी: ग्रैंड कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू
2023 – पलाऊ: एबाकल पुरस्कार
2023 – मिस्र: ऑर्डर ऑफ नाइल
2023 – फ्रांस: ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर
2023 – ग्रीस: द ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर
2024 – नाइजीरिया: ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर
2024 – गयाना: द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस
2024 – डोमिनिका: डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर
2024 – बारबाडोस: ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस
2024 – कुवैत: द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर
2025 – मॉरीशस: द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन
2025 – साइप्रस: ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III
2025 – श्रीलंका: मित्र विभूषण मेडल
2025 – घाना: ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना
अन्य प्रमुख वैश्विक पुरस्कार:
संयुक्त राष्ट्र चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवार्ड (2018) – पर्यावरण के क्षेत्र में
सियोल शांति पुरस्कार (2018) – दक्षिण कोरिया द्वारा
फिलिप कोटलर राष्ट्रपति पुरस्कार (2019) – उत्कृष्ट राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए
ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड (2019) – स्वच्छ भारत अभियान के लिए (बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन)
ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड (2021) – वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में नेतृत्व हेतु (CERA)