उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपने फैसले से राज्य के लोगों को खुश कर दिया है, दरअसल किसान परंपरा, गांवों के जीवन और गोवंश के महत्व पर बनी फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म समाज को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संदेश देती है, इसलिए ऐसी फिल्मों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। आगे उन्होंने बताया कि गाय सिर्फ धर्म या आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि वह भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस तरह की फिल्में लोगों में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि बेसहारा और निराश्रित गोवंश की सही देखभाल हो सके। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि गोपालकों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनकी आमदनी बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि उत्तराखंड सरकार भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों और रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करती रहेगी। इस फैसले से फिल्म ‘गोदान’ ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी और भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ेगी।

































