धारा प्रवाह हिंदी, चंद्र बाबू नायडू की चुनाव कंसल्टेंट: कौन हैं थलपति विजय के मंत्रिमंडल की सबसे युवा मंत्री कीर्तना ?

Kirtna

29 वर्ष की सेल्वी.एस. कीर्तना विजय मंत्रिमंडल की सबसे युवा मंत्री हैं

तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ नौ अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है, इसमें एक नाम सेल्वी एस. कीर्तना का भी है। 29 साल की कीर्तना न सिर्फ  विजय मंत्रिमंडल में सबसे युवा चेहरा हैं, फ़िलहाल एक मात्र महिला मंत्री भी हैं।

सेल्वी एस. कीर्तना ने टीवीके के टिकट पर शिवकाशी से चुनाव लड़ा था। शिवकाशी में बड़े पैमाने पर पटाखे और आतिशबाज़ी बनाने का काम होता है और इसे फायर क्रैकर्स कैपिटल ऑफ इंडिया भी कहा जाता है।
कीर्तना ने इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोकन जी को 11,670 वोटों के अंतर से हरा कर जीत दर्ज की थी।

जानकारी के अनुसार 29 साल की कीर्तना ने Msc. तक पढ़ाई की है और उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार वो एक पर्सनल कंसल्टेंट हैं। हलफनामे में उन्होने अपनी कुल संपत्ति 22 लाख 57 हजार 710 रुपये बताई है।

धारा प्रवाह हिंदी में दिए गए अपने इंटरव्यू को लेकर चर्चा में रहीं कीर्तना

चुनाव जीतने के बाद एक इंटरव्यू में कीर्तना ने हिंदी में बातचीत की थी, वो भी तब जबकि इस बार डीएमके जैसे दल ने चुनाव में हिंदीवर्सेज तमिल सेंटीमेंट को बड़े चुनावी मुद्दे के तौर पर इस्तेमाल किया था और हिंदी को पूरी तरह खत्म करने का ऐलान किया था। ऐसे में कीर्तना के हिंदी में बातचीत करने को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छिड़ गई थी।

इसके जवाब में कीर्तना ने हिन्दी में ही कहा था कि उन्होने हिंदी में इसलिए बात की है, क्योंकि वो चाहती हैं कि उनकी पार्टी का प्रतिनिधित्व पूरे भारत में और दूसरे देशों तक पहुंचे।

उन्होने कहा था हर किसी को मेरी पार्टी के बारे में जानकारी होनी चाहिए। राजनीति ऐसी चीज़ नहीं है, जिससे डरना चाहिए, हर किसी को राजनीति में आना चाहिए। मैं सिर्फ़ एक उदाहरण हूं और मैं चाहती हूं कि सभी लोग आगे आएं और राजनीति से जुड़ें।

जानकारी के अनुसार कीर्तना सिर्फ तमिल और हिंदी ही नहीं, तेलुगू, अंग्रेजी समेत क़रीब आधा दर्जन भाषाएं अच्छी तरह जानती हैं और बोल सकती हैं।
हिन्दी बोलने के पीछे कीर्तना ने बताया था कि अलग अलग भाषाओं के ज्ञान की वजह से ही उन्हें इतने सारे अवसर मिले। कई राज्यों में काम करने का मौक़ा मिला।
कीर्तना के मुताबिक़ उन्होने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के चुनावी कैंपेन में भी कंसल्टेंट की भूमिका निभाई है।

Exit mobile version