पंजाब में इन दिनों साइबर ठगों ने लोगों को ठगने के लिए नया तरीका अपनाया है। ठग अब “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी मैसेज वायरल कर रहे हैं। ये मैसेज खासतौर पर युवाओं को निशाना बनाकर तैयार किए गए हैं और बड़ी तेजी से व्हाट्सऐप पर फैल रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
लुधियाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग लोगों को ऐसे मैसेज भेज रहे हैं जिनमें नौकरी, कमाई और युवाओं के लिए बड़े अवसरों का लालच दिया जा रहा है। इसके बाद लोगों को “कॉकरोच जनता पार्टी” जॉइन करने के नाम पर एक लिंक भेजा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसकी निजी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है।
पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने विस्तार से बताया कि छोटी सी लापरवाही किसी व्यक्ति को आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। ठग लिंक के जरिए मोबाइल हैक करने, बैंकिंग डिटेल्स चुराने या ओटीपी हासिल करने की कोशिश करते हैं। कई मामलों में लोगों के बैंक खाते खाली होने की शिकायत भी सामने आई है।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मैसेज की सत्यता जरूर जांचें। अगर कोई संदिग्ध मैसेज मिले तो तुरंत साइबर सेल या पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस ने कहा कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
