बैंक हड़ताल टली, 28 से 30 सितंबर तक सामान्य रहेंगी बैंकिंग सेवाएं; 26 अक्टूबर की हड़ताल भी स्थगित

बैंक यूनियनों ने पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को फिलहाल रोकने, PLI व्यवस्था में बदलाव और लंबे समय से लंबित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया था।

बैंक हड़ताल टली

बैंक हड़ताल टली

बैंकिंग सेवाएं आज सामान्य रूप से जारी रहेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल टाल दी है। यह फैसला भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ देर रात हुई बैठक के बाद लिया गया। इससे बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।

किन मांगों को लेकर होनी थी हड़ताल?

बैंक यूनियनों ने पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को फिलहाल रोकने, PLI व्यवस्था में बदलाव और लंबे समय से लंबित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया था।

हड़ताल की तारीख बैंकों के छमाही वित्तीय समापन के समय पड़ रही थी। ऐसे में इसका असर सरकारी बैंकों, पुराने निजी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की सेवाओं पर पड़ सकता था।

क्यों टाली गई बैंक हड़ताल?

UFBU ने हड़ताल टालने की वजह बताते हुए कहा कि पांच दिन बैंकिंग, PLI और अन्य लंबित मुद्दों पर बातचीत में सकारात्मक प्रगति हुई है। बैठक में कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी है।

पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था को लेकर IBA और UFBU एक उच्चस्तरीय समिति बनाएंगे। यह समिति बचे हुए शनिवारों को भी छुट्टी घोषित करने की संभावना पर चर्चा करेगी।

इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI योजना पर भी बातचीत शुरू होगी। IBA इस योजना में बदलाव के लिए सरकार के सामने यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों को रखेगा।

8 मार्च 2024 की बैठक के रिकॉर्ड में दर्ज लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान निकालने के लिए चर्चा की जाएगी।

26 अक्टूबर की प्रस्तावित हड़ताल भी टली

UFBU ने 26 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को भी फिलहाल टाल दिया है। हालांकि, यूनियनों ने साफ किया है कि मांगें वापस नहीं ली गई हैं।

यूनियनें अब यह देखेंगी कि IBA और सरकार की ओर से किए गए वादों को तय समय में कितना लागू किया जाता है। आगे की कार्रवाई इसी प्रगति के आधार पर तय की जाएगी।

रविवार को काम करने वाले बैंक कर्मचारियों को क्या मिलेगा?

RBI के निर्देश के बाद 27 सितंबर, रविवार को भी बैंक खुले रखे गए थे। UFBU के अनुसार, उस दिन काम करने वाले कर्मचारियों को द्विपक्षीय समझौते के तहत सामान्य दर से दोगुना ओवरटाइम मिलेगा।

वहीं, रविवार को ड्यूटी करने वाले अधिकारियों को एक दिन का वेतन दिया जाएगा।

UFBU इससे पहले भी बातचीत और सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल टाल चुका है। अब पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था और PLI समेत अन्य मांगों पर बातचीत कितनी आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर रहेगी। इसके आधार पर 26 अक्टूबर की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।

Exit mobile version