महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में हाईपरलूप ट्रेन चलाने की तैयारी, हवाई जहाज से भी तेज स्पीड से दौड़ेगी यह ट्रेन

महाराष्ट्र हाइपरलूप

PC: Dainik Bhaskar

देश के नाम एक के बाद एक उपलब्धियां जुड़ती जा रही हैं। बुलेट ट्रेन के प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने के बाद अब देश में हाईपरलूप ट्रेन के प्रोजेक्ट पर भी काम शुरू हो रहा है। जल्द ही देश में हाईपरलूप ट्रेन दौडेंगी। इस ट्रेन की खासियत है कि, यह गोली की रफ्तार जैसी गति से चलती है। अधिकारियों की मानें तो इस ट्रेन की रफ्तार 1100 किमी/घंटे होगी। महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में इस ट्रेन को चलाने के प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इस ट्रेन के चलने से पुणे से मुंबई की 3 से 4 घंटे की दूरी मात्र 25 मिनट में तय की जा सकेगी।

खबरों की मानें तो महाराष्ट्र सरकार इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट की डीपीआर यानी डीटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट के सजेशन और ऑब्जेक्शन बुलाए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि, सरकार इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा कराना चाहती है। आइए समझते हैं कि आखिर क्या है हाईपरलूप ट्रेन…

दरअसल, हाईपरलूप ट्रेन एक ऐसी ट्रेन है जो चुंबकीय तकनीक से लैस पॉड (ट्रैक) पर चलेगी। अधिकारियों के अनुसार हाईपरलूप तकनीक में खंभों के ऊपर (एलीवेटेड) ट्रांसपेरेंट ट्यूब बिछाई जाती है। इसके अंदर लंबी सिंगल बोगी हवा में तैरते हुए चलती है। हवा में तैरने के कारण इसमें घर्षण बिल्कुल भी नहीं होता। घर्षण बिल्कुल भी न होने के कारण इसकी स्पीड जबरदस्त होती है। बताया जाता है कि इसी के चलते इसकी स्पीड 1100 से 1200 किमी प्रति घंटे तक होती है। घर्षण कम होने के कारण इसमें एनर्जी की खपत भी कम होती है। यानी इसमें बिजली का खर्च भी बहुत कम आएगा। साथ ही इससे पॉल्युशन भी बिल्कुल नहीं होता।

1100 से 1200 की स्पीड होने का मतलब है कि, इसकी स्पीड हवाई जहाज से भी तेज होगी। हालांकि, अधिकारियों की मानें तो इसका किराया साधारण ट्रेनों की तुलना में ज्यादा होगा। इसका किराया हवाई सफर के बराबर होने की संभावना है। बता दें कि, यह ट्रेन जापान में चलने वाली बुलेट ट्रेन से भी ज्यादा तेज चलेगी।

महाराष्ट्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अमेरिका के वर्जिन ग्रुप से करार किया है।  महाराष्ट्र में इसके लिए ट्रैक भी बनाए जा रहे हैं। जिस तेजी से इसपर काम चल रहा है, उसके अनुसार इस साल तक इसकी टेस्टिंग हो सकती है।

खबरों के अनुसार हाईपरलूप ट्रांसपोर्टेशन टेक्नोलॉजी और वर्जिन हाईपरलूप इस प्रोजेक्ट पर आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र में पहले से ही काम कर रहे हैं। आंधप्रदेश में अनंतपुरा-अमरावती और विजयवाड़ा और विशाखापट्‌टनम इससे जुड़ेंगे। वहीं महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे इससे जुड़ेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि, हाईपरलूप ट्रांसपोर्ट को गति देने वाले प्रोजेक्ट पर कई कंपनियां रिसर्च कर रही हैं। इसके जरिए एक घंटे में 1126.54 किमी तक का सफर किया जा सकेगा। इसके लॉन्च हो जाने से देश उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जहां बुलेट ट्रेन और हाईपरलूप ट्रेनें चलती हैं।

Exit mobile version