प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार के गयाजी पहुंचे। यहां पर उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार एक ऐसा कानून लाई है, जो भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएगा। इस कानून के दायरे में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री भी आएंगे। उन्होंने राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों पर इस कानून का विरोध करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने बिहार के लोगों को घुसपैठियों से सावधान रहने की चेतावनी दी और कहा कि उनकी सरकार बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भ्रष्टाचार पर सख्त है सरकार
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ऐसा कानून लाई है, जिसके दायरे में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री भी आएंगे। अगर कोई जेल जाता है तो 30 दिन में जमानत लेनी होगी, नहीं तो 31वें दिन कुर्सी छोड़नी पड़ेगी।पीएम मोदी ने दावा किया कि राजद, कांग्रेस और लेफ्ट इस कानून का विरोध कर रहे हैं क्योंकि इन्हें जेल जाने और कुर्सी खोने का डर है। इसी वजह से ये लोग मुझे तरह-तरह की गालियां दे रहे हैं।
कांग्रेस ने बिहार के लोगों को हमेशा किया अपमानित
पीएम मोदी ने अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना कहा कि हाल में हमने देखा कि जेल से फाइलें निपटाई जा रही हैं। ऐसे हालात में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई कभी सफल नहीं हो सकती। बिहार के प्रति कांग्रेस की नफरत: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बिहार के लोगों को हमेशा अपमानित किया। एक मुख्यमंत्री ने तो कहा था कि बिहार के लोगों को अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे। आरजेडी तब भी खामोश रही।
बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स से बिहार में तेजी से हो रहा विकास
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी और उनके साथी दल बिहार के लोगों को सिर्फ वोट बैंक मानते हैं। उन्हें गरीबों के सुख-दुख और मान-सम्मान से कोई लेना-देना नहीं है। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार बिहार के बेटा-बेटी को यहीं रोजगार और सम्मानजनक जीवन दिलाने की कोशिश कर रही है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स से अब बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी ने जनता के पैसे का कभी सम्मान नहीं किया। इनके लिए योजना लटकाना मुनाफे का जरिया था। लेकिन एनडीए सरकार हर प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी ने कहा कि उन्होंने ओंटा-सिमरिया पुल का शिलान्यास किया था और अब उसी का लोकार्पण कर रहे हैं। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा और उद्योगों को नई गति देगा।
घुसपैठियों को दिया संदेश
पीएम मोदी ने बिहार से ऐलान किया कि एनडीए सरकार डेमोग्राफी मिशन शुरू करने जा रही है। इससे घुसपैठियों को रोजगार और अधिकार छीनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है, जबकि कांग्रेस और आरजेडी के भ्रष्टाचार की लंबी लिस्ट हर कोई जानता है। उन्होंने कहा कि अब कोई भी कार्रवाई से बाहर नहीं रहेगा।