उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और विदेशों में रह रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने आज संघर्ष और नीतिगत उपेक्षा की बेड़ियों को तोड़कर भारत के विकास का “ग्रोथ इंजन” बनने का गौरव प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के मेरे बहनों और भाइयों, आप सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा कि असीम संभावनाओं वाला उत्तर प्रदेश आज ‘बीमारू राज्य’ की छवि से निकलकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ही भारत की संस्कृति, साहित्य, संगीत, कला और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। अयोध्या की मर्यादा, काशी की शाश्वत चेतना, ब्रज की भक्ति और प्रयागराज की समरसता ने सदियों से भारत की सांस्कृतिक चेतना को दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि अमृत काल में प्रदेश अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोते हुए समावेशी विकास के संकल्प को जमीन पर उतार रहा है। सरकार ने दृढ़ संकल्प के साथ सुशासन और कानून का राज स्थापित किया है और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए हैं।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई कहानी लिखी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में विदेशों में रह रहे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिश्रम, प्रतिभा और मूल्यों से वैश्विक मंच पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। सरकार उनके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और प्रवासी नागरिकों को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश हर वर्ष 24 जनवरी को अपना स्थापना दिवस मनाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृष्टिकोण के अनुरूप इस वर्ष ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इस दिवस को मनाने की परंपरा शुरू हुई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश दिवस का औपचारिक उद्घाटन शनिवार को लखनऊ में होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।






























