मुंबई मेयर को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। बीजेपी ने रितु तावड़े को मुंबई मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। रितु तावड़े को नगर निगम प्रशासन का अच्छा अनुभव है।
उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड नंबर 127 से नगर निगम का चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से और फिर 2025 में वार्ड नंबर 132 से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की।
रितु तावड़े पहले बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इस पद पर रहते हुए उन्हें नगर निगम के कामकाज का अच्छा अनुभव मिला।
2012 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुईं
रितु तावड़े ने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी। बीजेपी नेताओं का कहना है कि वह जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ी रहती हैं और लोगों की समस्याओं को सुलझाने में सक्रिय हैं।नगर निगम की जिम्मेदारियों के साथ-साथ रितु तावड़े महाराष्ट्र राज्य महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं।
बीजेपी पार्षदों की अंतिम रणनीतिक बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। उनकी उम्मीदवारी को बीजेपी की सोची-समझी रणनीति माना जा रहा है, जिसमें पार्टी एक मराठी हिंदू चेहरे को आगे लाना चाहती है।
मुंबई मेयर का चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे, बीएमसी मुख्यालय में होगा। इस चुनाव के साथ ही नगर निगम में करीब चार साल से चल रहा प्रशासनिक शासन खत्म होने की उम्मीद है।






























