झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम, कांग्रेस ने प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को उतारा है।
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 24 विधायक हैं। संख्या बल को देखते हुए झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
हालांकि दूसरी सीट पर कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए दोनों पक्ष अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हैं। एनडीए ने अपने विधायकों को रांची के एक होटल में ठहराया है, जबकि इंडिया गठबंधन लगातार बैठकें कर रहा है।
मिजोरम में भी आज वोटिंग
मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट पर सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
ZPM ने अपने प्रवक्ता के. लालतलुआंगकिमा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि MNF ने अधिवक्ता और लेखिका जोथानसांगी हमार को मैदान में उतारा है।
40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में ZPM के 27 विधायक हैं, जबकि MNF के 10 विधायक हैं। भाजपा के 2 और कांग्रेस का 1 विधायक है।
भाजपा और कांग्रेस नहीं करेंगी मतदान
कांग्रेस विधायक सी. न्गुनलियनचुंगा ने कहा है कि पार्टी के निर्देश पर वह मतदान नहीं करेंगे। वहीं भाजपा ने भी अपने दोनों विधायकों के वोटिंग से दूर रहने का फैसला किया है।
मतदान और मतगणना का समय
मिजोरम विधानसभा सचिवालय के अनुसार, मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


































