कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान सोमवार को दिल्ली में कई जगह तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर थी। जंतर-मंतर और संसद भवन के आसपास करीब 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। साथ ही धरना स्थल के आसपास धारा 163 लागू की गई थी, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
दोपहर करीब 12:30 बजे रायसीना रोड पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद मार्ग की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके साथ ही हल्का लाठीचार्ज भी किया गया, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
https://x.com/PTI_News/status/2079126980105253004?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2079126980105253004%7Ctwgr%5E53e24ba47d9d094b8ac02f49b13c80f112f67033%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.jagran.com%2Fdelhi%2Fnew-delhi-city-cjp-parliament-march-live-delhi-security-section-163-jantar-mantar-cjp-parliament-march-live-lb-30000640.html
बताया जा रहा है कि इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी संसद मार्ग रोड पर पहुंच गए। वहां उन्होंने कई सरकारी कार्यालयों और बैंकों के बाहर हंगामा किया। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की वैनों पर चढ़कर उन्हें नुकसान पहुंचाया। कुछ वैनों की छत पर बैठने से उन्हें भी क्षति पहुंची।
प्रदर्शन के दौरान संसद मार्ग रोड पर कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 20 से 25 पुलिसकर्मियों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों के वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। इस वजह से पूरे इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की सुरक्षा और बढ़ा दी। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया और संसद भवन के आसपास सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया। अधिकारियों ने हालात पर लगातार नजर रखी और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में जाने से बचें। साथ ही ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच भी की जाएगी।


































