भाजपा देशभर में अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत कुल 11 प्रमुख विषय तय किए गए हैं, जिन पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इनमें
एकात्म मानव दर्शन एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद
हमारा इतिहास–विकास
कार्यकर्ता विकास एवं दायित्व बोध
हमारी कार्यपद्धति
राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां एवं नैरेटिव
कार्य विस्तार
बूथ प्रबंधन, मन की बात एवं SIR
केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका
प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएं
सोशल मीडिया, आईटी एवं मीडिया
विचार परिवार
जैसे 11 विषय शामिल हैं, जिनके लिए अलग–अलग प्रभारियों और वक्ताओं की टीम तैयार की गई है।
पार्टी ने इन विषयों के अनुरूप जिम्मेदारियां भी तय की हैं, ताकि प्रशिक्षण अधिक प्रभावी हो सके। केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को शामिल किया गया है, जबकि प्रदेश स्तर की योजनाओं को समझाने की जिम्मेदारी संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को दी गई है। वहीं संगठन से जुड़े विषयों के लिए प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को वक्ताओं की टीम में जोड़ा गया है।
हरियाणा समेत देश भर में जारी है प्रशिक्षण ‘महाअभियान’
हरियाणा में इस अभियान के तहत मंडल स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले ही पूरे किए जा चुके हैं और अब जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें जिला स्तर के कार्यकर्ता और नेता भाग लेंगे। इस प्रक्रिया में मुख्यमंत्री नायब सैनी, उनके मंत्री गौरव गौतम और विपुल गोयल, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ–साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और सुधा यादव, मनीष यादव व सुमित्रा चौहान जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, बूथ प्रबंधन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से गहराई से जोड़ना है। इसके लिए हर प्रदेश में वक्ताओं की विशेष टीम बनाई गई है, जिन्हें विषयवार जिम्मेदारी दी गई है और उनका भी पहले प्रशिक्षण कराया गया है। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में वरिष्ठ नेताओं ने वक्ताओं को विस्तार से बताया कि किस तरह नए कार्यकर्ताओं का समायोजन करना है और उन्हें पार्टी के विचार परिवार से जोड़ना है। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री B. L. Santhosh ने स्वयं उपस्थित होकर वक्ताओं को मार्गदर्शन दिया और महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। इसके बाद इस पूरे अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित करते हुए बड़े पैमाने पर वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।



























