समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे 38 वर्ष के थे। सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स और हार्टबीट दोनों बंद हो चुकी थीं।
पोस्टमॉर्टम के बाद घर ले जाया गया शव
प्रतीक यादव का पोस्टमॉर्टम King George’s Medical University (KGMU) में कराया गया। इसके बाद उनका शव अंतिम दर्शन के लिए घर ले जाया गया। सूचना मिलने पर अखिलेश यादव ख़ुद पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और करीब 45 मिनट तक वहां रुके। बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा,
“कुछ समय पहले ही मेरी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। मैंने उससे कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो। कारोबार में नुकसान इंसान को भीतर से तोड़ देता है।”
इससे पहले उन्होने अपने सोशल मीडिया हैंडल से प्रतीक यादव के निधन की जानकारी दी थी।
असम में थीं अपर्णा यादव, खबर मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हुईं
प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव इस समय असम दौरे पर थीं। पति के निधन की खबर मिलते ही वे तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर उनके भाई अमन सिंह बिष्ट मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि अमन ही उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक
सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों बाद तबीयत में सुधार होने पर वे अस्पताल से घर लौट आए थे। डॉक्टरों के मुताबिक, प्रतीक पल्मोनरी एम्बोलिज्म नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन रुकने लगता है और स्थिति जानलेवा हो सकती है।
साधना गुप्ता और मुलायम सिंह के बेटे थे
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साल 2003 में मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता से विवाह किया था और सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपने बेटे के रूप में स्वीकार किया था।
हालांकि मुलायम परिवार के अन्य सदस्यों से विपरीत प्रतीक हमेशा राजनीति से दूर रहे।
उन्होने ब्रिटेन की University of Leeds से पढ़ाई की थी और रियल एस्टेट व फिटनेस बिजनेस से जुड़े थे। लखनऊ में उनका ‘The Fitness Planet’ नाम का जिम काफी चर्चित था। फिटनेस को लेकर उनका जुनून अक्सर सोशल मीडिया पर भी दिखाई देता था।
जनवरी में तलाक की घोषणा से मची थी हलचल
इसी साल जनवरी में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर पत्नी अपर्णा यादव से अलग होने का ऐलान कर सबको चौंका दिया था। उन्होंने लिखा था कि उनकी वैवाहिक जिंदगी मुश्किलों से भर गई है। हालांकि, महज 9 दिन बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी।
प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था — “All is Good।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
प्रतीक यादव के निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शोक ज़ाहिर किया है। उन्होने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण‘, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
प्रतीक यादव के निधन के बाद भाजपा महिला मोर्चा का प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शोक व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम रद्द करने के निर्देश दिए।
































