अहमदाबाद में एक महिला की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करने के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 44 वर्षीय करीम रफीकभाई सिपाही को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि वह खुद को “आदित्य पटेल” नाम का हिंदू कारोबारी बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर “आदित्य पटेल” के नाम से प्रोफाइल बनाई थी। वह खुद को एक सफल और संपन्न हिंदू व्यवसायी बताता था और शादी की तलाश कर रही महिलाओं से संपर्क करता था। जांच में पता चला है कि आरोपी के मोबाइल फोन से 100 से अधिक महिलाओं का डेटा मिला है। इसके अलावा फोन में कई फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिसके बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।
ऐसे करता था महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खास तौर पर अकेली रहने वाली, विधवा या जीवनसाथी की तलाश कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था। वह खुद को एक अमीर कारोबारी और विधुर बताता था, जिसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है।
जांचकर्ताओं का कहना है कि वह पहले महिलाओं से दोस्ती करता, फिर धीरे-धीरे भावनात्मक संबंध बनाकर उनका भरोसा जीतता था। अपनी बातों को विश्वसनीय बनाने के लिए वह आलीशान जीवनशैली, बंगले और अन्य संपत्तियों का दावा करता था। कुछ मामलों में उसने महिलाओं को उपहार भी भेजे, ताकि वे उस पर भरोसा कर सकें।
शादी का वादा कर मांगे पैसे, नकली दस्तावेज भी मिले
पुलिस का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद आरोपी महिलाओं से अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता था। कभी व्यापार में निवेश तो कभी अन्य वित्तीय जरूरतों का हवाला देकर वह रकम हासिल करने की कोशिश करता था। जांच में ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं ने शादी के वादे पर आरोपी को नकदी, वाहन और अन्य कीमती सामान दिए।
क्राइम ब्रांच को आरोपी के पास से “आदित्य पटेल” नाम के कई कथित फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन्हीं दस्तावेजों के जरिए वह अपनी नकली पहचान को असली साबित करता था।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज कैसे तैयार किए गए और क्या इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल करीम सिपाही पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह अहमदाबाद में सामने आए सबसे बड़े मैट्रिमोनियल धोखाधड़ी मामलों में से एक हो सकता है।

































