लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दी हैं। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर बधाई देते हुए इसे सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल बताया। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने पीएम मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में विशेष धार्मिक और जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। बुधवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता किसी एक प्रमुख मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करेंगे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश के निरंतर विकास की कामना करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। इससे पहले वह लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय में बच्चों को वस्त्र और फल वितरित करेंगे। पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में माथा टेककर इस अभियान में भाग लेंगे।
भाजपा ’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत 14 जून तक प्रदेशभर में जनसंपर्क कार्यक्रम चला रही है। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 16 और 17 जून को जिला स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित होंगे। पार्टी का कहना है कि इन आयोजनों का उद्देश्य केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और जनता के साथ संवाद को मजबूत करना है।






























