पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक वैन रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय लोकल ट्रेन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए।
यह हादसा बहरामपुर के गोविंदपुर इलाके में कर्ण सुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग खुली हुई थी। इसी वजह से स्कूल वैन पटरी पार कर रही थी और तभी तेज रफ्तार लोकल ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस और रेलवे अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं कि हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ।
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद होती है, लेकिन मासूम बच्चों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने भरोसा जताया कि रेलवे इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। टीम यह पता लगाएगी कि हादसे के समय रेलवे फाटक खुला क्यों था और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई। इस दुर्घटना के कारण हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा रेलखंड पर कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं।


































