कोलकाता में बुधवार तड़के एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की यह घटना मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक इमारत में हुई, जहां कई होटल संचालित हो रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, आग बुधवार रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इमारत में फंसे करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल
पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मंत्री के मुताबिक, मरने वालों में भारतीय नागरिकों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इमारत की हालत बेहद खराब थी और वहां कई होटल चल रहे थे। हादसे के बाद इमारत में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण का पता फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
मंत्री ने आरोप लगाया कि इमारत के प्रबंधन ने सुरक्षा और निर्माण से जुड़े जरूरी नियमों का पालन नहीं किया था। होटल संचालन में भी कई तरह की अनियमितताओं की बात सामने आई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
धुएं के कारण बचाव अभियान में आई परेशानी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग के बाद इमारत के अंदर धुआं बहुत ज्यादा भर गया था। इसके कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के जरिए ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई।
पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल इमारत को ठंडा करने का काम चल रहा है। राहत और बचाव दल यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि कोई व्यक्ति अभी भी इमारत के अंदर फंसा न हो।
होटल मालिक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, होटल का मालिक घटना के बाद से फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने होटल मालिक के घर पर भी छापेमारी की है और उसकी तलाश की जा रही है।
जांच एजेंसियां अब आग लगने की पूरी परिस्थितियों के साथ-साथ इमारत में सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन की भी जांच कर रही हैं। मुख्यमंत्री के घटनास्थल का दौरा करने की संभावना भी जताई गई है।
तारापीठ में भी होटल अग्निकांड में 9 लोगों की हुई थी मौत
इससे पहले सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में भी एक होटल में भीषण आग लगी थी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल समेत दो लोगों को हिरासत में लिया था। चार मंजिला होटल के भूतल पर सुबह करीब 4:30 बजे आग लगी थी। उस समय ज्यादातर लोग होटल के कमरों में सो रहे थे। आग और धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे कई लोग कमरों में फंस गए थे। हादसे के समय होटल में करीब 43 लोग ठहरे हुए थे।
कोलकाता और तारापीठ में लगातार सामने आए इन हादसों ने होटल और पुरानी इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
































