प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिश्केक में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन से इतर कई देशों के नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान भारत के द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात को महत्वपूर्ण बताया।
आर्मेनिया के प्रधानमंत्री से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान के साथ हुई मुलाकात को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि भारत और आर्मेनिया के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा, आईटी, अंतरिक्ष, शिक्षा और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है।
पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत और आर्मेनिया के बीच व्यापार और निवेश संबंध भी और मजबूत होंगे। दोनों देशों के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने और मौजूदा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
ईरान के राष्ट्रपति से भी हुई मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिश्केक में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें भारत और ईरान के संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ साझा हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता को अलग-अलग क्षेत्रों में और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आने वाले समय में ईरान के साथ व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने और व्यापार के दायरे में विविधता लाने के लिए लगातार प्रयास करेगा। दोनों नेताओं ने क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।
उज्बेकिस्तान में पीएम मोदी की कविताओं की चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी की हालिया उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान उनकी कविताएं भी चर्चा में रहीं। ताशकंद में ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के छात्रों ने पीएम मोदी की कविताओं का हिंदी और उज्बेक भाषा में पाठ किया।
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव की ओर से आयोजित अनौपचारिक रात्रिभोज में भी पीएम मोदी की कविता ‘अभी तो सूरज उगा है’ पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रधानमंत्री के सामने उनकी कई रचनाएं प्रस्तुत कीं। अधिकारियों के मुताबिक, छात्रों ने इन कविताओं का हिंदी पाठ करने के साथ-साथ उनका उज्बेक भाषा में अनुवाद भी प्रस्तुत किया।
चौथे वर्ष के छात्र केलदियोरोव दिलशुहबेक ने ‘अभी तो सूरज उगा है’ का हिंदी में पाठ किया, जबकि तीसरे वर्ष की छात्रा दिलशोदा जुराबोएवा ने इसका उज्बेक अनुवाद प्रस्तुत किया।
‘नए भारत के नए संकल्प’ की भी प्रस्तुति
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की कविता ‘नए भारत के नए संकल्प’ भी प्रस्तुत की गई। इस कविता को नए भारत के आत्मविश्वास, उम्मीदों और आकांक्षाओं से जोड़कर देखा गया।
चौथे वर्ष के छात्र ओताबेक अमीरोव ने कविता का हिंदी में पाठ किया, जबकि तीसरे वर्ष के छात्र इकरोमखुजा सादिल्लाएव ने इसका उज्बेक अनुवाद प्रस्तुत किया।
इस तरह पीएम मोदी की मध्य एशिया यात्रा के दौरान जहां भारत के अलग-अलग देशों के साथ राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई, वहीं उनकी कविताओं की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक जुड़ाव को भी एक अलग पहचान दी।

































