नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी कर ली है। ट्रेड शो में बड़ी संख्या में देश-विदेश से कारोबारी और आम लोग पहुंचेंगे। इसे देखते हुए 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
विशिष्ट अतिथियों के आने के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास करीब 13 मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक
ट्रेड शो के दौरान 29 सितंबर तक रोज सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक एक्सपो मार्ट और उसके आसपास के रास्तों पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इन वाहनों को यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, एनएच-24 और एनएच-91 सहित निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
इसके अलावा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे परेशानी से बचने के लिए पहले से निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
अमित शाह करेंगे ट्रेड शो का उद्घाटन
ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। उद्घाटन से पहले वह प्रदेश के कई स्टॉल का दौरा भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भूपेंद्र चौधरी समेत कई अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
ट्रेड शो में इस बार 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। करीब 1.5 लाख कारोबारी खरीदार और 4.5 लाख से अधिक आम आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। 85 देशों से 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी शामिल होंगे। अब तक 72 देशों के खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं।
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी के अनुसार, शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से एक्सपो मार्ट जाएंगे। इस बार 6 देशों को सहयोगी देश बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में करीब 250 विदेशी खरीदार मौजूद रहेंगे।






























