पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और TMC नेता Sujit Bose को नगर निगम भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। वह अपने बेटे समुद्र बोस के साथ सुबह करीब 10:30 बजे ED ऑफिस पहुंचे थे। करीब 10 घंटे तक पूछताछ के बाद एजेंसी ने उन्हें अरेस्ट कर लिया।
क्या है मामला?
सुजीत बोस पर आरोप है कि उन्होंने 2014 से 2018 के बीच साउथ दमदम नगर निगम में लगभग 150 लोगों की अवैध भर्ती करवाई। जांच एजेंसियों का कहना है कि नौकरी दिलाने के बदले उन्होंने पैसे और फ्लैट लिए थे। उस समय सुजीत बोस दमदम नगर पालिका के उपाध्यक्ष थे।
चुनाव में हार चुके हैं सुजीत बोस
सुजीत बोस बिधाननगर सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वे भाजपा उम्मीदवार Sharadwat Mukherjee से 37 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए थे।
11 दिन में दो बार पूछताछ
ED ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान सुजीत बोस को कई नोटिस भेजे थे। एक नोटिस 6 अप्रैल को मिला, जिस दिन नामांकन दाखिल किए गए थे।
सुजीत बोस ने चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का हवाला देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट से ED के सामने पेश होने से छूट मांगी थी। चुनाव खत्म होने के बाद वे 1 मई को ED अधिकारियों के सामने पेश हुए। इसके 11 दिन बाद दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी हो चुकी है छापेमारी
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर CBI ने इस मामले में FIR दर्ज की थी। इसके बाद ED ने 2 जनवरी 2024 और अक्टूबर 2025 में सुजीत बोस के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।
पश्चिम बंगाल में 11 मई को हुए 4 बड़े घटनाक्रम
1. सुवेंदु सरकार की पहली कैबिनेट बैठक
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद नाबन्ना में पहली कैबिनेट बैठक हुई। मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग के लिए BSF को जमीन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार ने कहा कि 45 दिनों के भीतर जमीन गृह मंत्रालय को सौंप दी जाएगी। साथ ही केंद्र सरकार की सभी योजनाएं भी राज्य में लागू की जाएंगी।
2. मंत्रियों के विभागों का बंटवारा
नई भाजपा सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा भी किया गया।
- सुवेंदु अधिकारी गृह मंत्रालय समेत कई अहम विभाग संभालेंगे।
- Nisith Pramanik को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्रालय मिला।
- Dilip Ghosh को ग्रामीण विकास विभाग दिया गया।
- Agnimitra Paul को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय सौंपा गया।
3. नए चीफ सेक्रेटरी की नियुक्ति
राज्य सरकार ने चुनाव अधिकारी Manoj Agarwal को पश्चिम बंगाल का नया चीफ सेक्रेटरी नियुक्त किया है। उन्होंने हाल ही में SIR प्रक्रिया की निगरानी की थी। इसके अलावा रिटायर्ड IAS अधिकारी Subrata Gupta को मुख्यमंत्री का सलाहकार बनाया गया है।
4. TMC सुप्रीम कोर्ट पहुंची
Trinamool Congress ने विधानसभा चुनाव की 31 सीटों के नतीजों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर जीत का अंतर उन वोटों से कम था, जिन्हें SIR प्रक्रिया के दौरान हटाया गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ममता बनर्जी और अन्य नेता इस मामले में नई याचिकाएं दाखिल कर सकते हैं।





























