संबंधितपोस्ट
प्रतीक यादव के निधन की खबर ने उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। वहीं, अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब छह बजे उन्हें अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया है कि वह लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से परेशान थे और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, डॉक्टरों या परिवार की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से मौत के कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते थे और निजी जीवन में बिजनेस तथा फिटनेस से जुड़े कामों में सक्रिय थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
इस दुखद घटना के समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी है और पुलिस बल भी तैनात किया गया है। राजनीतिक और सामाजिक जगत के कई लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।






























