पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। यह दावा खुद केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने किया है। उनका आरोप है कि 18 जून को लोहगढ़ किले से धक्का देकर की गई कथित हत्या से चार दिन पहले भी केतन की मंगेतर सिया गोयल ने उसकी जान लेने की कोशिश की थी।
विशाल अग्रवाल के अनुसार, 14 जून को सिया और केतन अकेले लोहगढ़ किले पर गए थे। इसी दौरान सिया ने कथित तौर पर केतन को खाई की ओर धक्का दे दिया। हालांकि, केतन ने समय रहते एक झाड़ी पकड़ ली, जिससे उसकी जान बच गई। पिता का कहना है कि जब सिया को लगा कि सच्चाई सामने आ सकती है, तो उसने अचानक ‘सांप-सांप’ चिल्लाना शुरू कर दिया और केतन को गले लगा लिया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस घटना से पहले दोनों विदेश यात्रा पर जाने वाले थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी के पासपोर्ट मौजूद थे, लेकिन केतन का पासपोर्ट गायब था। काफी तलाश के बावजूद पासपोर्ट नहीं मिला, जिसके कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके कुछ दिनों बाद सिया ने दोबारा केतन से लोहगढ़ किला चलने की बात कही।
18 जून को हुई थी मौत
केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे क्षेत्र के निवासी थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थे। 18 जून को लोहगढ़ किले के पास लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उनकी मौत हो गई थी। शुरुआत में इस घटना को दुर्घटना माना गया था।
सिया गोयल ने पुलिस को बताया था कि तेज हवाओं के बीच किले पर घूमते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। इसी आधार पर पहले दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया था।
सिया और उसके कथित प्रेमी की गिरफ्तारी
हालांकि, पुलिस जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। जांच के बाद पुलिस ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


































