दिल्ली के लाल किले के पास नवंबर 2025 में हुए धमाके को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की नई रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में भारतीय उपमहाद्वीप में सक्रिय अल-कायदा संगठन (AQIS) की भूमिका सामने आई है। इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
यह रिपोर्ट UNSC के विश्लेषणात्मक सहायता और प्रतिबंध निगरानी दल की 38वीं रिपोर्ट है। इसमें बताया गया है कि AQIS अब पहले की तरह बिखरा हुआ संगठन नहीं है। वह एक क्षेत्रीय आतंकी संगठन के तौर पर अपनी गतिविधियां बढ़ा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन ने सामान पहुंचाने और पैसों के लेन-देन के लिए अलग-अलग नेटवर्क तैयार किए हैं। अब यह बड़े समूहों के बजाय छोटे-छोटे सेल के जरिए काम करने की कोशिश कर रहा है।
रिपोर्ट में यह भी चिंता जताई गई है कि AQIS बांग्लादेश का इस्तेमाल अपने आतंकी ठिकाने और गतिविधियों के लिए करने की कोशिश कर रहा है।
पहले जैश-ए-मोहम्मद का आया था नाम
लाल किले के पास हुए धमाके को लेकर इससे पहले संयुक्त राष्ट्र की 37वीं रिपोर्ट में जैश-ए-मोहम्मद का नाम सामने आया था। उस रिपोर्ट में एक सदस्य देश के हवाले से कहा गया था कि जैश-ए-मोहम्मद ने कई हमलों की जिम्मेदारी ली थी और उसका नवंबर 2025 के दिल्ली धमाके से संबंध हो सकता है।
अब नई रिपोर्ट में इस हमले को AQIS से जोड़ा गया है। इससे मामले की जांच और आतंकी नेटवर्क को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।
कैसे हुआ था धमाका?
नवंबर 2025 में शाम करीब सात बजे लाल किले के पास एक चलती हुंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ था। कार उमर नबी चला रहा था, जिस पर आत्मघाती हमलावर होने का शक जताया गया था। धमाके में उसकी भी मौत हो गई थी। घटना में कुल 11 लोगों की जान गई और कई लोग घायल हुए।
अल-कायदा और ISIS पर भी चिंता
UNSC की रिपोर्ट में अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े संगठनों की गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों संगठन लंबे समय से रासायनिक और जैविक हथियारों में रुचि दिखा रहे हैं। हालांकि, उन्हें ऐसे हथियार तैयार करने में तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट में ऑनलाइन आतंकी सामग्री और जहरीले पदार्थों से जुड़ी जानकारी के प्रसार का भी जिक्र किया गया है। निगरानी दल ने खास तौर पर ISIS-K की गतिविधियों को लेकर चिंता जताई है।

































