उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर एयरपोर्ट के पास पर्यटकों से भरी एक निजी डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख
हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे को बेहद दुखद बताया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए।
https://x.com/PMOIndia/status/2102978259655016951?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2102978259655016951%7Ctwgr%5Ec260dd0c749a11c72eb0e5d5007abcacc8d58abd%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.abplive.com%2Fnews%2Findia%2Fgreater-noida-bus-fire-pm-modi-and-president-droupadi-murmu-saddened-announce-compensation-3193047
बस में कैसे लगी आग?
जानकारी के मुताबिक बस नोएडा से महोबा जा रही थी। जेवर एयरपोर्ट के पास अचानक बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि बस की छत पर भारी मात्रा में सामान रखा हुआ था। शुरुआती तौर पर इसे आग तेजी से फैलने की एक वजह माना जा रहा है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
मुंबई-पुणे हाईवे पर भी बस में लगी आग
इसी बीच मुंबई-पुणे हाईवे पर भी एक निजी यात्री बस में आग लगने की घटना सामने आई। उदयपुर से पुणे जा रही बस में खालापुर टोल नाके के पास सुबह करीब 7 बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार AC में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हैदराबाद में 38 यात्रियों की बची जान
हैदराबाद में भी गुरुवार तड़के श्रीशैलम जा रही एक निजी बस में आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 38 यात्री सवार थे। आग लगते ही सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।





























