उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने और अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद बस से किसी तरह बाहर निकलने वाले यात्रियों ने उस समय का खौफनाक मंजर बताया। यात्रियों के मुताबिक बस पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी। कई लोग सो रहे थे। अचानक आग लगने की जानकारी मिलने के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। धुआं इतना ज्यादा था कि सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था।
सोते यात्रियों को अचानक जगाया गया
हादसे में बाल-बाल बचे एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था। तभी किसी ने उसे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है। इसके बाद सभी यात्री बाहर निकलने के लिए भागने लगे। यात्री ने बताया कि बस से बाहर निकलना आसान नहीं था। चारों तरफ धुआं ही धुआं था और लोग घबराए हुए थे। किसी तरह वह बस से बाहर निकल पाया।
यात्री के मुताबिक बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। ऐसे में सभी लोगों का एक साथ बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हादसे के बाद यात्रियों ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
महिला यात्री ने बताया आंखों देखा हाल
एक महिला यात्री ने बताया कि वह भी हादसे के समय सो रही थी। अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद उसकी नींद खुली। उसने देखा कि बस के अंदर पहले से ही काफी भीड़ थी और धुआं भर चुका था।
महिला ने बताया कि उसे अपना सामान लेने का भी मौका नहीं मिला। यहां तक कि वह जूते तक नहीं पहन पाई। उसने सिर्फ अपना मोबाइल हाथ में लिया और बस से बाहर भागने लगी। बाहर निकलने के दौरान यात्री एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। इसी दौरान किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाल लिया।
महिला ने बताया कि इसके बाद उसे ज्यादा कुछ याद नहीं है। चारों तरफ सिर्फ धुआं दिखाई दे रहा था। बस के अंदर मौजूद कई लोग दम घुटने से परेशान थे। उसके मुताबिक बहुत कम लोग ही बाहर निकल पाए, जबकि उसके पीछे कई यात्री थे जो बस से बाहर नहीं आ सके। हादसे के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।





























