भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज आज से शुरू हो रही है। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। मैदान भारत का होगा, दर्शक भारतीय होंगे, पिच भी भारतीय होगी और मुकाबले भी भारत में ही होंगे। लेकिन इस सीरीज में एक दिलचस्प उलटफेर है, दरअसल होम टीम अफगानिस्तान है और टीम इंडिया विजिटिंग टीम।
भारतीय क्रिकेट के 94 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब भारत अपनी जमीन पर कोई इंटरनेशनल सीरीज खेलेगा, लेकिन आधिकारिक तौर पर वह मेजबान नहीं बल्कि मेहमान होगा।
अब सवाल है कि ऐसा क्यों?
दरअसल, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज का आधिकारिक मेजबान है। सुरक्षा परिस्थितियों के कारण अफगानिस्तान लंबे समय से अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट की मेजबानी नहीं कर पा रहा है। ऐसे में उसके घरेलू मुकाबले भारत और UAE जैसे देशों में खेले जाते रहे हैं।
एक तरह से देखें तो अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए भारत उनका घर ही रहा है, अफगानी खिलाड़ियों ने भारतीय मैदानों में प्रैक्टिस की है और यहीं खेले भी हैं। लेकिन ये पहली बार है कि भारत की टीम ही मेहमान बन गई हो।
यह सिर्फ क्रिकेट की एक प्रशासनिक व्यवस्था लग सकती है। लेकिन इसके पीछे भारत की उस भूमिका की झलक भी दिखाई देती है, जो वह अपने पड़ोसियों के लिए लगातार निभाता आया है।
किसी देश के लिए अपने घर में मैच आयोजित करना सिर्फ स्टेडियम उपलब्ध कराने की बात नहीं होती। यह उसकी क्रिकेटिंग पहचान, उसकी मेजबानी और उसके आत्मविश्वास से जुड़ी होता है। अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम को घरेलू परिस्थितियों की वजह से वो अवसर अपने देश में नहीं मिल पा रहा है। भारत ने अपनी मजबूत क्रिकेट व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के दम पर उसे यह मंच दिया है।
यानी मैदान भारत का है, लेकिन मेजबानी का अधिकार अफगानिस्तान के पास है। यही वजह है कि आज अरुण जेटली स्टेडियम में कुछ चीजें सामान्य से थोड़ी अलग होंगी।
पिच का मिजाज कौन तय करेगा?
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच भारतीय क्यूरेटर्स ही तैयार करेंगे। लेकिन तकनीकी तौर पर होम टीम को अपनी जरूरत के मुताबिक पिच को लेकर मांग रखने का अधिकार होता है। इसलिए अफगानिस्तान की टीम अपनी रणनीति के हिसाब से पिच को लेकर इनपुट दे सकती है।
वैसे अफगानिस्तान के लिए भारत में अपना होम मैच खेलना कोई नया अनुभव नहीं है। इससे पहले भी वह भारत के अलग-अलग स्टेडियम में अपने घरेलू इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुका है।
टॉस के वक्त सिक्का कौन उछालेगा?
नियम के मुताबिक होम टीम का कप्तान सिक्का उछालता है और विजिटिंग टीम का कप्तान हेड या टेल चुनता है। यानी दिल्ली में खेला जाने वाला मुकाबला होगा भारत में, लेकिन सिक्का उछालेंगे अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान, जबकि भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को हेड या टेल कहना होगा
सोचिए, अरुण जेटली स्टेडियम में हजारों भारतीय दर्शकों के सामने टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी, लेकिन मैच की शुरुआत में उसे विजिटिंग टीम के कप्तान की तरह व्यवहार करना होगा।
बतौर मेजबान अफगानिस्तान की क्या जिम्मेदारियां होंगी ?
होम टीम होने के कारण अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड सीरीज से जुड़े कई लॉजिस्टिक खर्चों की जिम्मेदारी उठाएगा। खिलाड़ियों के होटल में ठहरने, होटल से स्टेडियम आने-जाने और खाने जैसी व्यवस्थाएं अफगान बोर्ड के जिम्मे होंगी। हालांकि टीम इंडिया अपने खिलाड़ियों का डाइट चार्ट होटल के साथ साझा करती है। उसी के अनुसार होटल के चुने हुए शेफ खिलाड़ियों के लिए खाना तैयार करते हैं। अफगानिस्तान की टीम भी अपने खिलाड़ियों की जरूरत के मुताबिक यही व्यवस्था इस्तेमाल करेगी।
कमाई में किसकी, कितनी हिस्सेदारी ?
इस सीरीज की आधिकारिक मेजबानी अफगानिस्तान के पास होने का मतलब यह भी है कि सीरीज से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मिलेगा। ब्रॉडकास्ट राइट्स, स्टेडियम विज्ञापन और टिकट बिक्री से होने वाली आय इसी व्यवस्था का हिस्सा है। यानी भारत की जमीन, भारतीय दर्शक और भारतीय क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करके अफगानिस्तान अपने क्रिकेट बोर्ड के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक अवसर भी तैयार कर रहा है।
दरअसल भारत के लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है। यह एक ऐसा माध्यम भी है, जिसके जरिए भारत अक्सर अपने पड़ोसियों के साथ अपने रिश्तों को परिभाषित करता रहा है। इसे सॉफ्ट डिप्लोमेसी भी कहा जाता है।
अफगानिस्तान आज अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं करा सकता। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी क्रिकेट खत्म हो जाए। भारत उसे अपने मैदान देता है। अपनी सुविधाएं देता है। अपने क्रिकेटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल उसके लिए करता है।
और यह पहली बार नहीं है जब भारत ने संकट में अपने पड़ोसियों के लिए दरवाजे खोले हैं।
चाहे प्राकृतिक आपदा हो, मानवीय संकट हो, आर्थिक मुश्किल हो या दूसरी चुनौती, भारत ने अक्सर अपनी क्षमता के मुताबिक पड़ोसी देशों के साथ खड़े होने की कोशिश की है।
एक मजबूत देश की पहचान सिर्फ इस बात से नहीं होती कि वह खुद कितना मजबूत है। उसकी असली ताकत तब दिखाई देती है, जब वह अपनी ताकत का इस्तेमाल किसी दूसरे को खड़ा करने के लिए करता है और आज दिल्ली में यही कहानी क्रिकेट के मैदान पर दिखाई देगी।
भारत अपनी ही जमीन पर खेलेगा। उसके करोड़ों लोग अपनी टीम को चीयर करेंगे। लेकिन आधिकारिक तौर पर टीम इंडिया मेहमान होगी और अफगानिस्तान मेजबान।
थोड़ा अजीब जरूर है, लेकिन यही भारत है, यही भारतीयता है और यही भारत का भरोसा है।
India vs Afghanistan T20, India vs Afghanistan T20 series, India Afghanistan T20 series 2026, India visiting team, Afghanistan home team, India visiting team in India, India home series visiting team, India Afghanistan cricket, India vs Afghanistan, Afghanistan vs India T20, India Afghanistan T20, Afghanistan home series, Afghanistan cricket, India cricket, Team India, Indian cricket team, Ibrahim Zadran, Shreyas Iyer, Arun Jaitley Stadium, Delhi T20, Afghanistan cricket in India, Afghanistan home matches in India, India cricket 94 years, Indian cricket history, cricket diplomacy, India Afghanistan relations, cricket soft diplomacy, Afghanistan cricket home ground, India helps Afghanistan cricket




























