चीन भारत की सीमा के बेहद करीब दुनिया का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट बना रहा है। करीब 168 अरब डॉलर यानी लगभग 14 लाख करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट सिर्फ बिजली बनाने की योजना नहीं है। इसके जरिए चीन तिब्बत से निकलने वाली यारलुंग त्सांगपो नदी के पानी पर अपना नियंत्रण और मजबूत कर सकता है। यही नदी भारत में अरुणाचल प्रदेश में सियांग और आगे असम में ब्रह्मपुत्र के नाम से बहती है।
अब इस प्रोजेक्ट की रफ्तार को लेकर नई चिंता सामने आई है। सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण में पहाड़ों के बीच बड़े पैमाने पर निर्माण, गांवों और खेती की जमीन को खाली कराने, नई सड़कें बनाने और नदी का रास्ता मोड़ने से जुड़ी गतिविधियां दिखाई गई हैं। सवाल यह है कि चीन आखिर ऐसा विशाल बांध क्यों बना रहा है? इससे भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को क्या खतरा हो सकता है और भारत का अपना 11,200 मेगावाट वाला सियांग प्रोजेक्ट चीन की इस तैयारी का जवाब कैसे बन सकता है?
चीन आखिर कहां बना रहा है यह महाडैम?
चीन का यह प्रोजेक्ट तिब्बत के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में यारलुंग त्सांगपो नदी के निचले इलाके में बनाया जा रहा है। इसे मेडोग (Medog) हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट कहा जा रहा है। इसकी सबसे खास बात इसकी लोकेशन है। यह इलाका भारत के अरुणाचल प्रदेश से लगभग 40-50 किलोमीटर उत्तर में और वास्तविक सीमा के बेहद करीब है।
नदी का सफर समझिए। यारलुंग त्सांगपो तिब्बत से निकलती है। इसके बाद यह अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करती है, जहां इसे सियांग कहा जाता है। आगे असम में दूसरी नदियों से मिलकर यह ब्रह्मपुत्र बन जाती है। फिर भारत से निकलकर बांग्लादेश पहुंचती है।
यानी तिब्बत में इस नदी पर चीन जो भी बड़ा निर्माण करेगा, उसका असर भारत के पूर्वोत्तर और आगे बांग्लादेश तक पहुंचने वाली नदी व्यवस्था के लिए अहम हो सकता है।
कितना बड़ा है चीन का यह प्रोजेक्ट, 168 अरब डॉलर कहां खर्च होंगे?
इस प्रोजेक्ट की प्रस्तावित क्षमता 60,000 मेगावाट यानी 60 गीगावाट है। इसकी अनुमानित लागत करीब 1.2 ट्रिलियन युआन है, जो लगभग 168 अरब डॉलर बैठती है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 14 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इसकी तुलना ऐसे समझिए:
भारत का सबसे बड़ा चालू जलविद्युत स्टेशन कोयना करीब 1,960 मेगावाट की क्षमता वाला है।
चीन का प्रस्तावित मेडोग प्रोजेक्ट 60,000 मेगावाट का होगा।
यानी इसकी प्रस्तावित क्षमता कोयना से करीब 30 गुना ज्यादा है।
यह कोई एक सामान्य बांध नहीं होगा। इसे पांच चरणों में बनने वाले कैस्केड हाइड्रोपावर सिस्टम के रूप में तैयार किया जा रहा है।
कैस्केड सिस्टम क्या होता है?
मान लीजिए पहाड़ों से एक नदी नीचे की ओर बह रही है। उसके रास्ते में अलग-अलग जगह बांध और बिजलीघर बना दिए जाएं। पानी एक बिजलीघर से निकलकर अगले बिजलीघर तक पहुंचे और वहां फिर बिजली बनाई जाए। इस तरह एक ही नदी के पानी का कई चरणों में इस्तेमाल होता है। इसे कैस्केड सिस्टम कहते हैं।
चीन की योजना भी कुछ इसी तरह की है। इससे नदी के तेज बहाव और ऊंचाई से नीचे गिरने की क्षमता का इस्तेमाल करके बड़े पैमाने पर बिजली बनाई जा सकेगी।
सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिखा? एक साल में कैसे बदली पूरी तस्वीर?
इस प्रोजेक्ट को लेकर सबसे ताजा खुलासा IIT दिल्ली के Foundation for Innovation and Technology Transfer (FITT) से जुड़े जियोस्पेशियल AI स्टार्टअप EarthSense Labs के सैटेलाइट विश्लेषण में हुआ है। कंपनी ने अपनी रिपोर्ट Building at the Great Bend: Monitoring China’s 60 GW Medog Dam Project में अलग-अलग समय की सैटेलाइट तस्वीरों की तुलना की है।
इसमें चार अहम लोकेशन सामने आई हैं:
पहली जगह: मेनलिंग के पास बड़ा बांध
यहां प्रस्तावित मुख्य यानी हाई डैम बनाया जाना है। 11 जुलाई 2025 की तस्वीरों में इस इलाके में गांव और खेती की जमीन दिखाई दे रही थी। लेकिन 4 दिसंबर 2025 तक तस्वीर बदल चुकी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, गांवों और खेतों को हटा दिया गया था और जमीन पर निर्माण से जुड़ी खुदाई शुरू हो गई थी। 10 अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी का रास्ता मोड़ने से जुड़ी गतिविधियां, बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई, नई सड़कें, अस्थायी आवास और ऑफिस जैसी इमारतें दिखाई दीं। यानी जुलाई 2025 से अगस्त 2026 के बीच इस इलाके में निर्माण की गतिविधियां काफी आगे बढ़ गईं।
दूसरी जगह: पाई (Pai) के पास संभावित लोअर डैम
रिपोर्ट में पाई इलाके को दूसरे संभावित बांध स्थल के रूप में पहचाना गया है। हालांकि, अक्टूबर 2026 तक यहां बांध की ठोस संरचना बनने का निर्णायक सबूत नहीं मिला था।
तीसरी जगह: नामचा बारवा पर्वत के भीतर सुरंग
यहां पहाड़ के भीतर से पानी ले जाने के लिए सुरंगों की योजना है। यह पूरे प्रोजेक्ट का सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सा हो सकता है।
चौथी जगह: भारत की सीमा के करीब टनल आउटलेट
यह जगह मेडोग काउंटी के पास है। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां निर्माण से जुड़ी गतिविधियां जुलाई 2025 में मुख्य प्रोजेक्ट के औपचारिक शिलान्यास से पहले ही शुरू हो गई थीं।
सैटेलाइट तस्वीरों में इस इलाके में सड़कें, पुल, औद्योगिक ढांचे और आवासीय इमारतें विकसित होती दिखाई दी हैं।
यहां एक बात ध्यान देने वाली है। सैटेलाइट तस्वीरें निर्माण गतिविधियों की पुष्टि करने में मदद करती हैं, लेकिन उनसे बांध के अंतिम डिजाइन, पानी के वास्तविक प्रवाह या भारत पर पड़ने वाले असर का पूरा आकलन नहीं किया जा सकता।
भारत के लिए यह बांध चिंता का विषय क्यों है?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि चीन बिजली बना रहा है तो भारत को परेशानी क्यों होनी चाहिए? इसका जवाब नदी के पानी पर नियंत्रण में छिपा है।
यारलुंग त्सांगपो नदी भारत में सियांग और फिर ब्रह्मपुत्र के रूप में बहती है। भारत का एक बड़ा इलाका इस नदी और इसकी सहायक नदियों पर निर्भर है। जब कोई देश नदी के ऊपरी हिस्से में इतना बड़ा प्रोजेक्ट बनाता है, तो उसके पास पानी के बहाव को प्रभावित करने की क्षमता बढ़ सकती है।
भारत की चिंता के तीन बड़े कारण हैं।
पहला: पानी का बहाव कम या ज्यादा होना
बांध में पानी रोकने और छोड़ने की व्यवस्था होती है। अगर चीन किसी समय पानी रोकता है, तो नीचे की ओर बहने वाले पानी की मात्रा प्रभावित हो सकती है। वहीं अचानक ज्यादा पानी छोड़े जाने से नीचे के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि चीन ऐसा जरूर करेगा। लेकिन इतनी बड़ी अपस्ट्रीम परियोजना के कारण भारत के लिए यह जानना जरूरी है कि पानी कब, कितना और किस रफ्तार से छोड़ा जाएगा।
दूसरा: बाढ़ और सूखे का खतरा
अरुणाचल प्रदेश और असम में ब्रह्मपुत्र का पानी खेती, मछली पालन और लाखों लोगों की आजीविका के लिए महत्वपूर्ण है। अगर नदी के प्राकृतिक बहाव में बड़ा बदलाव आता है, तो इसका असर खेती, जल उपलब्धता और नदी के आसपास रहने वाले लोगों पर पड़ सकता है।
तीसरा: चीन के पास रणनीतिक बढ़त
भारत और चीन के बीच अभी ऐसा कोई बाध्यकारी जल-बंटवारा समझौता नहीं है, जो दोनों देशों के लिए नदी के पानी को लेकर स्पष्ट नियम तय करता हो। भारत लंबे समय से चीन से पारदर्शी हाइड्रोलॉजिकल डेटा और समय पर जानकारी साझा करने की मांग करता रहा है। यही कारण है कि भारत इस प्रोजेक्ट को केवल बिजली उत्पादन के नजरिये से नहीं देख रहा, बल्कि इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और जल सुरक्षा से जोड़कर भी देख रहा है।
भारत का जवाब क्या है? 11,200 MW का सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट
चीन की इस परियोजना के जवाब में भारत अरुणाचल प्रदेश में अपना बड़ा बांध बनाने की तैयारी कर रहा है। इसका नाम है Siang Upper Multipurpose Project (SUMP)। यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के सियांग, अपर सियांग और ईस्ट सियांग जिलों में प्रस्तावित है। इसकी बिजली उत्पादन क्षमता करीब 11,200 मेगावाट होगी।
लेकिन इस प्रोजेक्ट का मकसद केवल बिजली बनाना नहीं है। इसे चीन के बांध से पैदा होने वाली संभावित जल सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। इस परियोजना में करीब 9.2 बिलियन क्यूबिक मीटर यानी 9.2 BCM पानी जमा करने की क्षमता वाला जलाशय प्रस्तावित है।
सियांग डैम भारत के लिए क्यों जरुरी ?
मान लीजिए चीन अपने बांध में पानी रोक लेता है या अचानक ज्यादा पानी छोड़ता है। ऐसी स्थिति में भारत के पास अगर सियांग नदी पर बड़ा जलाशय होगा, तो वह पानी के बहाव में होने वाले कुछ उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
इससे जरूरत के समय पानी का प्रबंधन और बिजली उत्पादन भी किया जा सकता है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भी इस परियोजना को चीन के बांध के मुकाबले रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया है।
उनके मुताबिक, चीन के प्रोजेक्ट की अनुमानित जल भंडारण क्षमता करीब 5.2 से 5.5 BCM बताई गई है, जबकि भारत के सियांग प्रोजेक्ट में 9.2 BCM लाइव स्टोरेज प्रस्तावित है।
हालांकि, यहां एक अंतर समझना जरूरी है। 60,000 MW और 11,200 MW बिजली उत्पादन की क्षमता है, जबकि BCM पानी जमा करने की क्षमता बताता है। दोनों की सीधी तुलना नहीं की जा सकती। और भारत का जलाशय भी चीन की हर संभावित गतिविधि के खतरे को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकता।
फिर भारत में ही सियांग प्रोजेक्ट का विरोध क्यों हो रहा है?
यह इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और जटिल पहलू है। एक तरफ भारत के लिए चीन के बांध का मुकाबला करना रणनीतिक जरूरत बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अरुणाचल प्रदेश में स्थानीय लोग भारत के अपने बांध का विरोध कर रहे हैं।
इस विरोध में खासतौर पर आदि (Adi) समुदाय के लोग शामिल हैं। उनकी चिंता है कि इतना बड़ा बांध बनने से उनकी पुश्तैनी जमीन, गांव, खेती और आजीविका प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलाशय बनने से कई गांव डूब सकते हैं और उन्हें अपनी जमीन छोड़नी पड़ सकती है।
अक्टूबर 2026 में इस विरोध ने हिंसक रूप भी ले लिया। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनाव बढ़ा। हालात संभालने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती करनी पड़ी। इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों की मांग है कि उनकी जमीन, पर्यावरण और भविष्य को ध्यान में रखे बिना परियोजना आगे न बढ़ाई जाए।
बीते हफ्ते गृहमंत्री अमित शाह के दो दिन के अरुणाचल प्रदेश के दौर के दौरान उन्होने सियांग डैम के प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय महत्व का बताया। गृहमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने और उनकी चिंताओं को दूर करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि अरुणाचल को देश का सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पैकेज दिया जाएगा ।
चीन के इस प्रोजेक्ट का असली रणनीतिक मतलब क्या है?
चीन का मेडोग प्रोजेक्ट तीन स्तरों पर महत्वपूर्ण है।
ऊर्जा सुरक्षा: 60 GW क्षमता से चीन को बड़े पैमाने पर स्वच्छ बिजली मिल सकती है।
जल संसाधनों पर नियंत्रण: नदी के ऊपरी हिस्से में इतना बड़ा बुनियादी ढांचा चीन की पानी के प्रवाह को प्रबंधित करने की क्षमता बढ़ा सकता है।
रणनीतिक बढ़त: भारत की सीमा के करीब इस तरह का निर्माण दोनों देशों के बीच जल सुरक्षा और सीमा संबंधी चिंताओं को बढ़ा सकता है।
चीन का कहना है कि यह परियोजना बिजली उत्पादन के लिए है और इससे निचले इलाकों में पानी की आपूर्ति पर कोई बड़ा नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा। लेकिन भारत के लिए केवल चीन के आश्वासन पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। उसे नदी के प्रवाह, पानी के आंकड़ों और किसी भी अचानक बदलाव की निगरानी करनी होगी।

































