भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख ने अपनी प्राथमिकताओं को सिर्फ एक शब्द ‘VAYU’ में समेट दिया है। लेकिन यह केवल एक आकर्षक नारा नहीं है। Vigilance, Aatmanirbharta, Yukti और Unity of Effort के जरिए वायुसेना ने आने वाले वर्षों के लिए अपनी युद्ध तैयारी, घटती लड़ाकू स्क्वाड्रन संख्या, स्वदेशी हथियारों और भविष्य की तकनीक पर साफ संकेत दिया है।
V यानी Vigilance and Readiness: हर वक्त युद्ध के लिए तैयार रहने का संदेश
‘V’ का मतलब है Vigilance और Readiness, यानी सतर्कता और हर समय तैयार रहना। नए वायुसेना प्रमुख ने साफ कहा है कि हर स्क्वाड्रन, रडार, एयर डिफेंस यूनिट और हर एयर वॉरियर को किसी भी समय जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।
इसका सीधा संबंध भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता और स्क्वाड्रन संख्या से भी है। उन्होंने मंजूरशुदा स्तर के करीब फिर से लड़ाकू ताकत को पहुंचाना अपनी प्रमुख जिम्मेदारियों में बताया है।
यानी संदेश साफ है—वायुसेना सिर्फ भविष्य के युद्ध की तैयारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा समय में भी हर मोर्चे पर पर्याप्त और तुरंत इस्तेमाल होने वाली ताकत चाहती है।
A यानी Aatmanirbharta: भारतीय लड़ाकू विमान और हथियारों पर बड़ा दांव
‘A’ का अर्थ है आत्मनिर्भरता। इस हिस्से में विजन सबसे स्पष्ट रूप से भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता की ओर इशारा करता है। तेजस Mk1A, तेजस Mk2, AMCA, भारतीय सेंसर और स्वदेशी हथियार वायुसेना की प्राथमिकताओं में रखे गए हैं। इसका मतलब केवल विदेशी हथियारों की जगह भारतीय उत्पाद खरीदना नहीं है।
इसके पीछे बड़ी रणनीति है कि युद्ध के दौरान जरूरी संख्या में हथियार और प्लेटफॉर्म उपलब्ध हों और उनकी सप्लाई तथा रखरखाव के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम हो।
वायुसेना प्रमुख के शब्दों में लक्ष्य सिर्फ युद्ध लड़ना और जीतना नहीं, बल्कि विश्वसनीय वायु शक्ति के जरिए संघर्ष को रोकना भी है। यानी मजबूत और स्वदेशी एयर पावर को एक deterrent के रूप में देखा जा रहा है।
Y यानी Yukti: AI से लेकर ड्रोन और Near-Space तक तैयारी
‘Y’ का मतलब है Yukti या ingenuity कि यानी नई परिस्थितियों के हिसाब से नई सोच और तकनीकी समाधान का समावेश होना चाहिए। यह हिस्सा बताता है कि वायुसेना भविष्य के युद्ध को सिर्फ लड़ाकू विमानों की लड़ाई के रूप में नहीं देख रही। AI आधारित कमांड एंड कंट्रोल, नेटवर्क आधारित युद्ध क्षमता, लेयर्ड काउंटर-ड्रोन डिफेंस, तेज रखरखाव, फोर्स प्रोटेक्शन और ऑपरेशनल डोमेन के रूप में Near-Space पर जोर दिया गया है।
खास तौर पर ड्रोन और AI का उल्लेख इस बात का संकेत है कि भविष्य के युद्ध में कम लागत वाले ड्रोन से लेकर अत्याधुनिक डिजिटल नेटवर्क तक, हर स्तर पर तकनीकी बढ़त जरूरी होगी।
U यानी Unity of Effort: सेना, नौसेना और एजेंसियों के साथ ‘एकजुट युद्ध’
‘U’ का अर्थ है Unity of Effort। नए प्रमुख ने इसे JAI—Jointness, Aatmanirbharta और Innovation की व्यापक सोच से जोड़ा है।
इसका सीधा मतलब है कि भविष्य में वायुसेना अकेले अपनी लड़ाई की योजना नहीं बनाएगी। थल सेना, नौसेना और राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर योजना और युद्ध संचालन पर जोर होगा।
यह भारत के बदलते सैन्य ढांचे का भी महत्वपूर्ण संकेत है, जहां तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त ऑपरेशन को भविष्य की युद्ध क्षमता का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
तो ‘VAYU’ विजन का बड़ा संकेत क्या है?
चार अक्षरों में नए वायुसेना प्रमुख ने भारतीय वायुसेना की चार बड़ी चुनौतियों और प्राथमिकताओं को सामने रखा है—तुरंत युद्ध के लिए तैयार रहना, लड़ाकू क्षमता को मजबूत करना, स्वदेशी तकनीक और हथियारों पर भरोसा बढ़ाना और तीनों सेनाओं के साथ एकीकृत तरीके से लड़ना। दूसरे शब्दों में, ‘VAYU’ विजन उस IAF की तस्वीर पेश करता है जो संख्या की कमी को दूर करना चाहती है, भारतीय प्लेटफॉर्म और हथियारों को तेजी से अपनाना चाहती है और AI, ड्रोन तथा नई तकनीकों वाले युद्ध के लिए खुद को तैयार कर रही है।
सबसे बड़ा संदेश शायद यही है: भारत की वायुसेना आने वाले युद्ध की तैयारी केवल नए लड़ाकू विमान खरीदकर नहीं, बल्कि स्वदेशी क्षमता, तकनीकी बढ़त और संयुक्त सैन्य शक्ति के आधार पर करना चाहती है।


































