साइबर सिक्योरिटी कंपनी क्लाउडसेक (CloudSEK) ने एक नए और बेहद खतरनाक साइबर गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गैंग का नाम है ‘मिस्टर रोबोट’ (Mr Robot)। यह गैंग खुद ठगी करने के साथ-साथ किराए पर ऐसे टूल्स बांट रहा है, जिससे आम लोगों के फोन हैक कर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाए जा रहे हैं।
सबसे डरावनी बात यह है कि इस मैलवेयर के फोन में आते ही इसका ऐप आइकन गायब हो जाता है और यूजर को पता भी नहीं चलता कि उसका फोन हैक हो चुका है।
आइए 5 आसान सवालों में समझते हैं कि यह पूरा खेल क्या है, इसमें AI का क्या रोल है और आप इससे कैसे बच सकते हैं।
यह ‘मिस्टर रोबोट’ गैंग कैसे काम करता है?
यह गैंग सीधे ठगी करने के बजाय ‘मैलवेयर-एज-ए-सर्विस’ (MaaS) मॉडल पर काम कर रहा है। यानी इन्होंने हैकिंग का एक पूरा सिस्टम और सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है, जिसे ये दूसरे छोटे-मोटे ठगों को किराए पर दे रहे हैं।
इस गैंग के पास अपना एक एडमिन ऐप और डैशबोर्ड है।
किराएदार ठग इसका इस्तेमाल कर लोगों के फोन में वायरस वाले ऐप इंस्टॉल करवाते हैं।
इंस्टॉल होते ही ऐप का आइकन फोन की स्क्रीन से गायब हो जाता है, ताकि किसी को शक न हो।
फोन में वायरस घुसने के बाद क्या होता है?
जैसे ही यह फर्जी ऐप फोन में आता है, यूजर का अपने फोन पर पूरा कंट्रोल खत्म हो जाता है:
सारे OTP सीधे ठगों के पास: यूजर के फोन पर आने वाला हर SMS और बैंक OTP तुरंत ठग के डैशबोर्ड पर पहुंच जाता है।
बैंक का कॉल भी ठग ही सुनता है: यह मैलवेयर फोन से टेलीकॉम कोड
*21#रन करता है। इससे यूजर के फोन पर आने वाले सारे कॉल चुपचाप ठग के नंबर पर फॉरवर्ड हो जाते हैं। अगर बैंक फ्रॉड पकड़कर अलर्ट कॉल भी करे, तो वह यूजर के पास न जाकर ठग के पास जाता है।निजी डेटा की चोरी: फर्जी स्क्रीन दिखाकर पैन, कार्ड नंबर, CVV, ATM पिन, UPI पिन और नेट बैंकिंग का पासवर्ड चुरा लिया जाता है।
लोग इस जाल में कैसे फंस रहे हैं?
जांच में सामने आया कि इस गिरोह के पास करीब 36 फर्जी ऐप्स की लिस्ट है:
9 बड़े बैंकों के फर्जी ऐप: इसमें सरकारी और प्राइवेट दोनों बैंक शामिल हैं।
बिजली, पानी और गैस बिल के नाम पर: लोगों को बिल पेंडिंग होने का मैसेज भेजा जाता है।
ट्रैफिक चालान के नाम पर: लोगों को झांसा दिया जाता है कि उनका 9 या 10 रुपये का चालान बाकी है। जैसे ही कोई 10 रुपये भरने के लिए लिंक पर क्लिक करता है, उसका फोन हैक हो जाता है।
यह खतरा एंटीवायरस की पकड़ में क्यों नहीं आ रहा और AI इसे कैसे खतरनाक बना रहा है?
इस मैलवेयर को पकड़ना सामान्य सुरक्षा टूल्स के लिए बेहद मुश्किल है:
48 घंटे तक शांत रहना: फोन में घुसने के बाद यह कम से कम 2 दिन तक कोई हरकत नहीं करता। इससे ऑटोमेटेड सिक्योरिटी चेक इसे नहीं पकड़ पाते।
हर बार नया डिजिटल सिग्नेचर: हर कॉपी का सिग्नेचर अलग होता है, जिससे एंटीवायरस इसे पुराने वायरस से मैच करके ब्लॉक नहीं कर पाता।
AI का नया खतरा: अब साइबर अपराधी AI टूल्स का इस्तेमाल करके हर बार मैलवेयर का कोड अपने-आप बदल रहे हैं। साथ ही, AI की मदद से हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में हूबहू असली जैसे दिखने वाले मैसेज और फर्जी वेबसाइट बनाई जा रही हैं, जिससे आम आदमी आसानी से धोखा खा जाता है।
जांच में क्या सामने आया और आप खुद को कैसे बचाएं?
क्लाउडसेक के मुताबिक, सिर्फ दो ठगों के डेटाबेस से 300 से ज्यादा हैक फोन और करीब 9,000 चुराए गए मैसेज पकड़े गए। 58% पीड़ितों के फोन पर कॉल फॉरवर्डिंग ऑन थी। इनमें ज्यादातर बजट एंड्रॉयड फोन थे।
खुद को सुरक्षित रखने के लिए ये 4 काम तुरंत करें:
कॉल फॉरवर्डिंग चेक करें: अपने फोन के डायलर में
*#21#डायल करें। अगर कोई फॉरवर्डिंग दिख रही है, तो तुरंत##002#डायल करें; इससे सभी तरह की कॉल फॉरवर्डिंग तुरंत बंद हो जाती है।अनजान लिंक से ऐप न डालें: बैंक, चालान या बिजली बिल के नाम पर SMS या वॉट्सऐप पर आए किसी भी लिंक से APK फाइल या ऐप डाउनलोड न करें।
फोन की सेटिंग चेक करें: Settings > Apps में जाएं। अगर वहां कोई ऐसा ऐप दिखे जिसका कोई नाम या आइकन नहीं है, तो उसे फौरन अनइंस्टॉल कर दें।
अचानक फोन शांत हो जाए तो सतर्क हों: अगर आपके नंबर पर अचानक कॉल या SMS आने बंद हो जाएं, तो फौरन अपने बैंक और टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क करें।

































