दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल की तीन साल की छात्रा के साथ कथित तौर पर गलत हरकत का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने स्कूल के लिए टैक्सी चलाने वाले विकास नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के परिवार ने सबसे पहले मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। परिवार का आरोप है कि आरोपी ड्राइवर ने बच्ची को चॉकलेट देने का लालच दिया और इसके बाद उसके साथ कई बार अनुचित व्यवहार किया।
बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी
घटना के बाद बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रशासन को भी मामले की जानकारी दी। बच्ची की पहचान और मामले की जांच के लिए स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
24 अगस्त को बच्ची को स्कूल में कुछ तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए। फुटेज देखने के बाद बच्ची ने आरोपी ड्राइवर विकास की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
करीब 8 महीने से स्कूल की टैक्सी चला रहा था आरोपी
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी विकास करीब आठ महीने से स्कूल के लिए टैक्सी चला रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस दौरान उसने किसी और बच्चे के साथ भी ऐसा व्यवहार तो नहीं किया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जांच के दौरान फोन में छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाने से जुड़े कई वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका मामले से कोई संबंध है या नहीं।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित
पुलिस ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सुरक्षित कर ली है। इन फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस की जांच का मुख्य फोकस बच्ची के साथ हुई घटना की पूरी जानकारी जुटाने, उपलब्ध डिजिटल और सीसीटीवी सबूतों की जांच करने और यह पता लगाने पर है कि आरोपी ने किसी अन्य बच्चे को भी निशाना बनाया था या नहीं।

































