Foreign Tourist Safety in India: उदयपुर में थाई-फ्रेंच YouTuber से सरेआम ‘लिप किस’ मांगने वाले युवक आफताब खान की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। यह सिर्फ एक व्यक्ति की बदसलूकी का मामला नहीं, बल्कि भारत में विदेशी महिला पर्यटकों की सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवहार और देश की अंतरराष्ट्रीय छवि से जुड़ा सवाल है। आखिर ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा वाले देश में ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों सामने आती हैं?
भारत अपनी संस्कृति, विरासत और मेहमाननवाजी के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। लेकिन जब कोई विदेशी महिला पर्यटक यहां घूमने आती है और उसे सरेआम यौन उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है, तो सवाल सिर्फ आरोपी की मानसिकता पर नहीं उठता, बल्कि देश में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी उठने लगते हैं।
राजस्थान के उदयपुर में थाई-फ्रेंच YouTuber के साथ हुई घटना इसका ताजा उदाहरण है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने एक बार फिर दिखाया है कि किसी महिला की असहजता और उसकी ‘ना’ को नजरअंदाज करना किस तरह सार्वजनिक जगहों पर भी सामान्य व्यवहार की तरह पेश किया जाता है।
उदयपुर में क्या हुआ था?
13 नवंबर को उदयपुर के टाउन हॉल में आयोजित एक मेले में थाई-फ्रेंच YouTuber ‘JustKeth’ सांस्कृतिक कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थीं। इसी दौरान आफताब खान नाम का युवक उनके पास पहुंचा। वायरल वीडियो में वह बार-बार उनसे किस करने की मांग करता सुनाई देता है।
वह कहता है, ‘One kiss, please… One lip kiss.’ महिला साफ तौर पर मना करती हैं, लेकिन युवक अपनी मांग दोहराता रहता है। बाद में महिला उसके साथ सेल्फी तो लेती हैं, लेकिन हाथ मिलाने से इनकार कर देती हैं। बातचीत का अंत फिस्ट बंप के साथ होता है।
महिला ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए व्यंग्य में लिखा, ‘At least he asked.’ यह वीडियो लाखों बार देखा जा चुका है।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी आफताब खान, जो उदयपुर में ऑटो रिक्शा चालक बताया गया है, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पिता का नाम अबरार खान बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया। इसमें वह अपनी गलती स्वीकार करता है और कहता है कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
क्या विदेशी पर्यटकों के साथ ऐसी घटनाएं पहले भी हुई हैं?
उदयपुर का मामला कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में विदेशी महिला पर्यटकों और ट्रैवल व्लॉगर्स के साथ भारत में बदसलूकी की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें कुछ मामले तो इतने गंभीर थे कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को शर्मिंदा किया ।
1. झारखंड: स्पेनिश महिला पर्यटक से गैंगरेप (मार्च 2024)
झारखंड के दुमका में अपने पति के साथ बाइक टूर पर निकली एक स्पेनिश महिला के साथ कथित तौर पर सात लोगों ने गैंगरेप किया। उनके पति के साथ मारपीट और लूटपाट भी की गई। इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान भारत में महिला पर्यटकों की सुरक्षा की ओर खींचा।
2. केरल: विदेशी व्लॉगर को जबरन किस करने की कोशिश (अप्रैल 2024)
त्रिशूर पूरम उत्सव में अमेरिकी-ब्रिटिश व्लॉगर कपल मैकेंजी और कीनन ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। वीडियो में एक व्यक्ति मैकेंजी को जबरन किस करने की कोशिश करता दिखा। उनके साथी ने भी एक व्यक्ति पर यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
3. जयपुर: विदेशी महिला पर्यटकों से बदसलूकी (जून 2024)
जयपुर में विनोद मीणा नाम के युवक का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक वह विदेशी महिला पर्यटकों पर अश्लील टिप्पणियां करता, उन्हें गलत तरीके से छूता और सामान खरीदने के लिए दबाव डालता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
4. मुंबई: पुर्तगाली ट्रैवल व्लॉगर का पीछा (फरवरी 2026)
पुर्तगाल की ट्रैवल व्लॉगर इनेस फारिया ने आरोप लगाया कि मुंबई में दो लोग करीब 15 मिनट तक उनका पीछा करते रहे और बार-बार सेल्फी लेने के लिए दबाव डालते रहे। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।
इन घटनाओं में एक समान बात दिखाई देती है—महिला की इच्छा और व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान नहीं करना। कहीं जबरन किस करने की कोशिश होती है, कहीं पीछा किया जाता है, तो कहीं पर्यटकों को गलत तरीके से छूने और परेशान करने के आरोप लगते हैं। सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े करते हैं।
भारत के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए क्यों अहम है पर्यटकों की सुरक्षा?
भारत में पर्यटन सिर्फ घूमने-फिरने का कारोबार नहीं है। यह रोजगार, विदेशी मुद्रा और स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी बड़ा आधार है। किसी विदेशी पर्यटक के साथ हुई बदसलूकी का असर केवल उस व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता। सोशल मीडिया के दौर में उसका अनुभव दुनिया भर के संभावित पर्यटकों तक पहुंच सकता है।
भारत के पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में देश में कुल 2.02 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आगमन दर्ज किए गए। इसमें विदेशी नागरिकों के साथ विदेश में रहने वाले भारतीय (NRI) भी शामिल हैं। केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या करीब 91.5 लाख रही। भारत की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की भूमिका भी काफी बड़ी है। भारत की GDP में पर्यटन का योगदान 5.22% है, ये क्षेत्र लगभग 8.46 करोड़ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार देता है.
अब स्पेन का उदाहरण देखिए। 2025 में स्पेन में करीब 9.68 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे। वहां पर्यटन का GDP में योगदान लगभग 12.6% है। यानी पर्यटन किसी देश की आर्थिक ताकत और वैश्विक पहचान बनाने में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है, इसका स्पेन एक बड़ा उदाहरण है।
भारत के पास भी ऐसी ही संभावनाएं हैं। राजस्थान के किले-महल, केरल के बैकवाटर, हिमालय, गोवा के समुद्र तट, वाराणसी की आध्यात्मिक विरासत और देश की विविध संस्कृति दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। लेकिन इन संभावनाओं को आर्थिक ताकत में बदलने के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है।
क्या सिर्फ गिरफ्तारी से बदल जाएगा माहौल?
उदयपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत या अश्लील गाने से संबंधित है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई जारी होने की बात कही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या हर ऐसी घटना के बाद वीडियो वायरल होने और पुलिस कार्रवाई का इंतजार किया जाएगा?
इसके लिए कुछ स्तरों पर बदलाव जरूरी है:
पर्यटन स्थलों पर निगरानी: भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ानी होगी।
टूरिस्ट पुलिस को मजबूत करना: विदेशी पर्यटकों को शिकायत दर्ज कराने और तत्काल मदद पाने की आसान व्यवस्था मिलनी चाहिए।
स्थानीय लोगों में जागरूकता: पर्यटकों के साथ फोटो लेने, बातचीत करने या उनके निजी स्पेस का सम्मान करने को लेकर जागरूकता जरूरी है।
त्वरित कार्रवाई: छेड़छाड़, पीछा करने और यौन उत्पीड़न की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समय पर कार्रवाई होनी चाहिए।
गौर करने वाली बात है कि पर्यटकों की सुरक्षा मुख्य रूप से राज्य सरकारों की जिम्मेदारी है। केंद्र सरकार ने भी कई राज्यों में टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की जानकारी दी है।
हर घटना मायने रखती है
यह भी समझना जरूरी है कि किसी एक व्यक्ति की शर्मनाक हरकत को पूरे भारत या भारतीय समाज की पहचान नहीं बनाया जा सकता। भारत में लाखों विदेशी पर्यटक हर साल आते हैं और यहां की संस्कृति, लोगों के व्यवहार और मेहमाननवाजी की तारीफ भी करते हैं।
लेकिन सोशल मीडिया के दौर में किसी पर्यटक का खराब अनुभव भी उतनी ही तेजी से दुनिया तक पहुंचता है। ऐसे में देश की छवि बचाने के लिए केवल प्रचार अभियान और खूबसूरत पर्यटन स्थलों की तस्वीरें पर्याप्त नहीं हैं।
भारत की पहचान ‘अतिथि देवो भव:’ से है। इसका अर्थ सिर्फ विदेशी मेहमानों का स्वागत करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का ख्याल रखना भी है।
































