सेना की नौकरी और सिनेमा की दुनिया का एक दिलचस्प मेल देखने को मिला है। रिटायर्ड आर्मी अफसर कर्नल मुनीश्वर नाथ बख्शी, जिन्हें कर्नल हनी बख्शी के नाम से भी जाना जाता है, 2026 की बायोग्राफिकल फिल्म Hanuman Ansh में आध्यात्मिक संत नीम करोली बाबा के किरदार में नजर आए हैं। सेना में लंबे समय तक सेवा देने के बाद फिल्म में संत की भूमिका निभाने के कारण वह चर्चा में हैं।
1988 में सेना में हुए थे शामिल
कर्नल बख्शी को विशिष्ट सेवा मेडल मिल चुका है। उन्होंने दिसंबर 1988 में इंडियन मिलिट्री एकेडमी, देहरादून से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सेना की इंटेलिजेंस कोर में कमीशन लिया था। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम किया।
उन्होंने 2007 से 2010 के बीच कोलकाता में मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट की कमान भी संभाली। इसके बाद वह टेक्निकल सपोर्ट डिवीजन (TSD) के प्रमुख बने। यह एक अस्थायी यूनिट थी, जिसे संवेदनशील खुफिया अभियानों के लिए बनाया गया था।
फिल्म में निभाया बुजुर्ग नीम करोली बाबा का किरदार
Hanuman Ansh को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में कर्नल बख्शी एक छोटे से हिस्से में बुजुर्ग महाराज जी यानी नीम करोली बाबा की भूमिका निभाते हैं। वहीं युवा नीम करोली बाबा का किरदार अभिनेता शोभिनव सत्य ने निभाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नल बख्शी खुद एक स्क्रिप्ट लेकर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान निर्देशक की नजर उनके चेहरे की नीम करोली बाबा से मिलती-जुलती शक्ल पर पड़ी और उन्हें फिल्म में भूमिका दी गई।
2 करोड़ की फिल्म ने कमाई में चौंकाया
करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने उम्मीद से ज्यादा कारोबार किया है। सितंबर के अंत तक फिल्म की दुनियाभर में कमाई 350 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। फिल्म सातवें सप्ताह में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है।
फिल्म की सफलता के बाद नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
नीम करोली बाबा का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव में लक्ष्मण नारायण शर्मा के रूप में हुआ था। वह देश ही नहीं, विदेशों में भी काफी लोकप्रिय आध्यात्मिक संत रहे। उनका कैंची धाम आश्रम लंबे समय तक विदेशी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स भी 1974 में भारत यात्रा के दौरान कैंची धाम गए थे। हालांकि, उस समय तक नीम करोली बाबा का निधन हो चुका था, इसलिए जॉब्स की उनसे मुलाकात नहीं हुई थी।
सेना से रिटायरमेंट के बाद कर्नल बख्शी रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखते रहे हैं। अब रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अगर Hanuman Ansh का सीक्वल बनता है, तो वह उसमें बड़ी भूमिका में नजर आ सकते हैं।





























